मुख्यपृष्ठनए समाचारहादसों वाला रविवार : ४ भीषण दुर्घटनाएं, २४ घंटे,१७ मौतें!

हादसों वाला रविवार : ४ भीषण दुर्घटनाएं, २४ घंटे,१७ मौतें!

देश के लिए रविवार का दिन दुर्घटनाओं से भरा रहा। पिछले २४ घंटों में अलग-अलग राज्यों में ४ बड़े हादसों में १७ लोगों की मौत हो गई और ४० से ज्यादा घायल हुए। घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और कुछ की हालत गंभीर होने के कारण मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। बता दें कि राजस्थान में जोधपुर-बालेसर मार्ग पर खारी बेरी गांव के पास सुबह ५ बजे श्रद्धालुओं को ले जा रहे एक टेंपों और अनाज ले जा रहे एक मालवाहक ट्रक में टक्कर हो गई। इसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। मध्य प्रदेश के ग्वालियर-झांसी राजमार्ग पर मालवा कॉलेज के पास एक तेज रफ्तार कार ने रेत ले जा रहे एक ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। इस हादसे में फॉर्च्यूनर कार चकनाचूर हो गई और कार में सवार ५ युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। गुजरात के साबरकांठा जिले के पोशिन तालुका के चंद्राना गांव के पास दो कमांडर जीपों की टक्कर हो गई। एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में दो वाहनों की टक्कर में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में एक १० वर्षीय बच्चा भी शामिल है। हादसे में ७ लोग घायल हुए हैं और उन्हें इलाज के लिए एसएमएचएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अन्य समाचार