सामना संवाददाता / मुंबई
अखंड हिंदुस्थान के लाड़ले नेता, ज्वलंत हिंदुत्व की धधकती चिंगारी हिंदूहृदयसम्राट शिवसेनाप्रमुख बालासाहेब ठाकरे का आज सोमवार, १७ नवंबर को तेरहवां स्मृतिदिन है। शिवसेनाप्रमुख को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए महाराष्ट्र सहित देश के कोने-कोने से शिवसैनिक और शिवसेना प्रेमी नागरिकों के कदम शिवतीर्थ स्थित शक्तिस्थल की ओर बढ़ने वाले हैं। इस अवसर पर शिवतीर्थ पर श्रद्धा और निष्ठा का जनसैलाब उमड़ने वाला है।
शिवसेनाप्रमुख के स्मृतिदिन पर शक्तिस्थल पर नतमस्तक होने के लिए शिवसैनिकों और शिवसेना प्रेमियों की निरंतर भीड़ लगी रहने वाली है। सुबह ७ बजे से शक्तिस्थल पर दर्शन किए जा सकेंगे। यह जानकारी शिवसेना मध्यवर्ती कार्यालय से दी गई है। बताया गया है कि शिवतीर्थ पर पेयजल और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। मनपा, मुंबई पुलिस और शिवसेना की ओर से उचित नियोजन किया गया है।
चंपे की महक
शक्तिस्थल पर फूलों की आकर्षक सजावट की गई है। इसमें मुख्य रूप से शिवसेनाप्रमुख के प्रिय सोनचंपा का उपयोग किया गया है, जिसकी मनमोहक महक शक्तिस्थल पर पैâली हुई है। शक्तिस्थल की ओर जाने वाले मार्ग पर जगह-जगह भगवा झंडे लगाए गए हैं और पूरा शिवतीर्थ परिसर भगवामय हो गया है।
चाक-चौबंद बंदोबस्त
शिवतीर्थ पर शिवसेनाप्रमुख को वंदन करने के लिए बड़ी संख्या में भीड़ होने की संभावना को देखते हुए पूरे परिसर में पुलिस का कड़ा बंदोबस्त रखा गया है। कल पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा की समीक्षा की।
