मुख्यपृष्ठस्तंभउत्तर की बात : अयोध्या में आस्था रथों से बढ़ रहा हादसों...

उत्तर की बात : अयोध्या में आस्था रथों से बढ़ रहा हादसों का खतरा

रोहित माहेश्वरी
लखनऊ

समाजवादी पार्टी ने आरोप लगाया है कि अयोध्या में नगर निगम और सरकार द्वारा संचालित आस्था रथ (गोल्फ कार्ट) श्रद्धालुओं को रौंद रहे हैं, जिससे कई लोग गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं। सपा का कहना है कि इन रथों के चालक नशे की हालत में मोबाइल फोन चलाते हुए वाहन चलाते हैं, जिसके कारण दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। पार्टी ने सवाल किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या के लगातार दौरों के बावजूद इन अव्यवस्थाओं पर ध्यान क्यों नहीं दे पा रहे। सपा ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
सऊदी अरब में ४२ भारतीयों की मौत;
चंद्रशेखर आजाद ने जताई गहरी संवेदना
सऊदी अरब में मक्का से मदीना जा रहे उमराह यात्रियों की बस में अचानक आग लगने से ४२ भारतीयों की दर्दनाक मौत हो गई, जिनमें २० महिलाएं और ११ बच्चे भी शामिल हैं। इस दिल दहला देने वाली घटना पर भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह त्रासदी पूरे देश को झकझोर देने वाली है। आज़ाद ने सरकार से मृतकों के पार्थिव शरीर भारत लाने में तेजी लाने और पीड़ित परिवारों को आर्थिक व मानवीय सहायता प्रदान करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में पूरा देश पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है।
बिहार चुनाव परिणाम पर मायावती ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर उठाए सवाल
बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने हाल ही में आए बिहार विधानसभा चुनाव परिणामों पर चुनाव आयोग की पारदर्शिता पर गंभीर प्रश्न खड़े किए हैं। उनका कहना है कि यदि मतदान और मतगणना निष्पक्ष होती, तो बसपा और अधिक सीटें जीत सकती थी। उन्होंने मतगणना में हुई कथित अनियमितताओं की जांच की मांग की। इसके साथ ही मायावती ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि ये पार्टियां राजनीतिक पाखंड करती हैं और बहुजन समाज के मुद्दों को ईमानदारी से नहीं उठातीं। उन्होंने बसपा कार्यकर्ताओं से २०२७ के यूपी चुनाव को लक्ष्य बनाकर बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का आह्वान किया। साथ ही स्पष्ट किया कि बसपा आने वाले चुनावों में अपनी स्वतंत्र लाइन पर ही चलेगी।
उत्तर प्रदेश में बढ़ते अपराध पर प्रमोद तिवारी का गंभीर सवाल
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर योगी सरकार पर कड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में हत्या, लूट, बलात्कार और अपहरण जैसी घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं और जनता भय के माहौल में जी रही है। प्रमोद तिवारी ने पत्रकार एल. एन. सिंह की हत्या को ‘कानून-व्यवस्था की बदहाली’ का ताजा उदाहरण बताते हुए आरोप लगाया कि सरकार अपराधियों पर सख्त कार्रवाई नहीं कर रही। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर स्थिति नहीं सुधरी तो उत्तर प्रदेश ‘जंगलराज’ की ओर बढ़ता नजर आ रहा है, जबकि सरकार ‘अमृत काल’ के नाम पर जनता की सुरक्षा से समझौता कर रही है।

अन्य समाचार