मुख्यपृष्ठनए समाचारमीरा-भायंदर में अवैध टीन शेड दुकानों की भरमार! ...फर्नीचर शॉप में लगी...

मीरा-भायंदर में अवैध टीन शेड दुकानों की भरमार! …फर्नीचर शॉप में लगी आग से मनपा ने नहीं लिया सबक

सुरेश गोलानी / मुंबई
रविवार रात मीरा रोड के कनकिया इलाके में स्थित एक फर्नीचर की दुकान में लगी भीषण आग ने शहर में फल-फूल रहे अवैध निर्माणों की ओर प्रशासन की अनदेखी की एक बार फिर पोल खोलकर रख दी है। सूत्रों के मुताबिक, घनी आबादी के बीच और एक स्कूल के बिल्कुल करीब स्थित होम-डेकोर नामक फर्निचर की दुकान अवैध रूप से एक अस्थाई पत्रे के शेड में चल रही थी। सौभाग्य से कोई जनहानि तो नहीं हुई, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि दुकान में रखा हुआ करीब ३५ लाख रुपए का फर्नीचर समेत अन्य सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया।
बता दें कि शहर के लगभग हर हिस्से में ऐसी सैंकड़ों दुकानें और गोदाम हैं, जो सुरक्षा मानदंडों को ताक पर रखकर खाली पड़ी सरकारी और निजी जमीनों पर अस्थाई शेड में संचालित हो रहे हैं। बिना किसी प्रकार की अनुमति के चल रही इन दुकानों के कारण मनपा के राजस्व खजाने को भी करोड़ों रुपए का चूना लग रहा है।
अधिकांश दुकानें हैं अवैध
इन शेडों में ज्यादातर फर्निचर, गराज, वैâफे, ढाबे, केमिकल गोदाम और वाहन सर्विस सेंटर अवैध रूप से चलाए जा रहे हैं। इनमें से कुछ को स्थानीय राजनेताओं और भूमाफियाओं का आशीर्वाद प्राप्त है, जिसके चलते मीरा-भायंदर मनपा प्रशासन खुलेआम चल रही इन अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्यवाही करने से कतराता है।

कैसे मिला बिजली कनेक्शन?
दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार, मीरा रोड में फर्निचर की दुकान में लगी आग का कारण था शॉर्ट सर्किट। ऐसे में सवाल यह उठता है कि बिना किसी मंजूरी के बनी इन अवैध दुकानों और गोदामों को किस आधार पर बिजली कनेक्शन और अन्य सुविधाएं मिल रही हैं? अब देखना ये होगा कि क्या मीरा रोड स्थित फर्नीचर की शेड में लगी भीषण आग से मनपा प्रशासन कोई सबक लेकर इनके खिलाफ कार्यवाही करती है या फिर हादसों को न्योता दे रही इन अवैध दुकानों को देखकर भी धृतराष्ट्र की भूमिका निभाती है।

अन्य समाचार