मुख्यपृष्ठनए समाचारखतरा अभी टला नहीं! ...गुजरात के गिर सोमनाथ में हथियारों का जखीरा...

खतरा अभी टला नहीं! …गुजरात के गिर सोमनाथ में हथियारों का जखीरा बरामद

-दिल्ली लाल किला धमाके से संभावित कड़ी की जांच तेज
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
गुजरात के गिर सोमनाथ जिले के कोडिनार स्थित एक दरगाह से घातक हथियार बरामद होने का खुलासा हुआ है। दिल्ली विस्फोट की घटना के बाद एसओजी समेत पुलिस की कई टीमों ने गुजरात के तटीय इलाके में तलाशी अभियान चलाया था। इसी सिलसिले में कोडिनार के मुलद्वारका इलाके में भी जांच चल रही थी। जांच के दौरान उस इलाके में स्थित हजरत कच्ची पीर की दरगाह से घातक हथियार बरामद हुए। पुलिस ने इस मामले में मामला दर्ज कर दरगाह की संरक्षक अमिनशा इस्माइलशा कनौजिया को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है। यह बरामदगी उसी राष्ट्रीय संकट की पृष्ठभूमि में हुई है, जब १० नवंबर को दिल्ली के लाल किला के पास हुए कार बम विस्फोट को आतंकवादी हमला करार दिया गया है। दोनों ही घटनाओं को मिलाकर सुरक्षा एजेंसियां एक व्यापक राष्ट्र विरोधी षड़यंत्र पर शक जता रही हैं।
घटना के विवरण के अनुसार, रविवार को गिर सोमनाथ जिला पुलिस ने संवेदनशील तटीय गांवों और बंदरगाह क्षेत्रों की तलाश शुरू की। यह अभियान एसपी जयदीपसिंह जडेजा की देखरेख में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा था। इस अभियान में दो डीएसपी, छह पुलिस निरीक्षक, सात पुलिस उपनिरीक्षक, एसओजी, एलसीबी और बम निरोधक दस्ते सहित १२० से ज्यादा पुलिसकर्मी शामिल थे। कोडिनार, ऊना और वेरावल की एक संयुक्त पुलिस टीम ने मूल द्वारका बंदरगाह पर अचानक जांच की और आस-पास के गांवों में रहने वाले लोगों से पूछताछ की। एसओजी टीम को जांच के दौरान गिर सोमनाथ के हजरत कच्ची पीर बाबा की दरगाह से तलवार, चाकू और खंजर समेत कई हथियार मिले। इस दौरान दरगाह की केयरटेकर (देखभालकर्ता) अमिनशा इस्माइलशा भी वहां मौजूद थीं। पुलिस ने आयोग की मौजूदगी में उनसे हथियार का लाइसेंस मांगा, लेकिन वह नहीं दे पाईं। जिसके बाद पुलिस ने मौके से हथियार जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल, पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि दरगाह में वो हथियार वैâसे आए और इसके पीछे का कारण क्या था?

दरगाह के संरक्षक के खिलाफ मामला दर्ज
इस मामले में दरगाह के संरक्षक के खिलाफ कोडिनार थाने में मामला भी दर्ज किया गया है। पुलिस ने खुद शिकायतकर्ता बनकर एफआईआर दर्ज की है। एसओजी के हेड कांस्टेबल गोपाल सिंह मोरी ने शिकायत दर्ज कराई थी और उसके बाद मामला भी दर्ज किया गया है। पुलिस ने अमिनशा इस्माइलशा के खिलाफ गुजरात पुलिस अधिनियम की धारा १३५ के तहत मामला दर्ज किया है।

गुजरात से गिरफ्तार हुए थे ३ आतंकी
गौरतलब है कि हाल ही में गुजरात एटीएस ने हथियारों की तस्करी करने गुजरात आए तीन आतंकियों को गिरफ्तार किया था। यह भी पता चला था कि इन आतंकियों ने गांधीनगर के कलोल स्थित एक कब्रिस्तान में हथियार छिपा रखे थे।

अन्य समाचार