सामना संवाददाता / मुंबई
भाजपा और ‘गद्दार’ कितने ढोंगी हैं, अब धीरे-धीरे उनके हिंदुत्व के ढोंग का गुब्बारा फूट रहा है और उनकी हकीकत जनता के सामने आ रही है। षड्यंत्र करके भाजपा ने पहले पार्टी तोड़ी, अब घर तोड़ रही है। भाजपा और संघ मिलकर अब समाज में भाषावाद और प्रांतवाद का जहर पैâला रहे हैं। ऐसे कड़े शब्दों में शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने समाज में द्वेष पैâलाने के लिए भाजपा और संघ दोनों को फटकार लगाते हुए कहा कि ‘तोड़ो-फोड़ो और राज करो’ की नीति अपनाने वाली भाजपा को जनता सबक सिखाएगी।
उद्धव ठाकरे ‘मातोश्री’ निवासस्थान में हुए पक्ष प्रवेश कार्यक्रम के दौरान बोल रहे थे। उन्होंने भाजपा के नकली हिंदुत्व पर प्रहार करते हुए कहा कि मैं जब मुख्यमंत्री था तो पालघर में हुए हत्याकांड में जिम्मेदार ठहराकर भाजपा ने जिस पर आरोप लगाए थे, उसी को उन्होंने अपनी पार्टी में ले लिया। इसके बाद जब हंगामा हुआ तो तुरंत उसके प्रवेश पर रोक भी लगा दी। उन्हें लगा था कि उनका पाप छुप जाएगा, लेकिन भाजपा का पाप उजागर हो ही गया।
शिवसेना में जोरदार इनकमिंग!
शिवसेना में जोर-शोर से इनकमिंग जारी है। शनिवार को ‘मातोश्री’ निवास स्थान पर आयोजित पक्ष प्रवेश कार्यक्रम में भाजपा और शिंदे गुट के कई पदाधिकारियों ने अपने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ शिवसेना में प्रवेश किया। इनमें भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष योगेंद्र भोईर अपनी पत्नी व समर्थकों तथा शिंदे गुट के उत्तर मुंबई के नेता संदीप राऊत व रूपेश नाईक अपने सैकड़ों समर्थकों सहित शामिल हुए। शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने शिवबंधन बांधकर सभी का स्वागत किया।
शिवसैनिकों की लड़ाकू सेना तैयार
शिवसेना में पिछले कुछ दिनों से रोज प्रवेश हो रहे हैं। ‘मातोश्री’ का परिसर गहमागहमी से भर रहा है, लेकिन यह सिर्फ भीड़ नहीं है, यह लड़ने वाले शिवसैनिकों का संगठन, सेना है। लेकिन आने वाली लड़ाई आसान नहीं है। आप एक जोश में हैं। जोश जरूरी है, लेकिन आंखें खोलकर चारों ओर देखते रहें, क्योंकि भाजपा और गद्दार षड्यंत्रकारी हैं।
