रोहित माहेश्वरी, लखनऊ
राम मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि महाराज के हालिया बयान के बाद धार्मिक जगत में भूचाल आ गया है। इस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने ट्रस्ट की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में शीर्ष साधु-संतों को शामिल करना केवल एक बाहरी दिखावा था, जबकि उनके पास कोई वास्तविक अधिकार नहीं हैं। शंकराचार्य ने कहा कि कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि महाराज द्वारा यह स्वीकार करना कि उनके पास चेकबुक नहीं है और वे अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता भी नहीं हैं, इस बात का प्रमाण है कि संतों को सिर्फ मोहरा बनाया गया। उन्होंने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि धर्मस्थान का उपयोग राजनीतिक व निजी स्वार्थों के लिए किया गया है। ट्रस्ट के सभी मुख्य वित्तीय और प्रशासनिक अधिकार संतों को देने के बजाय सरकार के कुछ खास और विश्वासपात्र लोगों को सौंप दिए गए थे। शंकराचार्य ने इस पूरी अव्यवस्था और कथित गड़बड़ियों के लिए सीधे तौर पर देश और राज्य के शीर्ष राजनीतिक नेतृत्व को जिम्मेदार ठहराया है।
अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पेपर लीक, बेरोजगारी और आरक्षण के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के खिलाफ चौतरफा हमला बोला है। उन्होंने भाजपा को परीक्षा प्रणाली का ‘रावण’ बताते हुए इसके दस चेहरे गिनाए, जिनमें पेपर लीक कराने, परीक्षा रद्द कराने और आरक्षण मारने जैसी गड़बड़ियां शामिल हैं। अखिलेश यादव ने मांग की है कि पेपर लीक और युवाओं की समस्याओं पर आवाज उठाने वाले कोचिंग संचालकों पर दर्ज मुकदमे तुरंत वापस लिए जाएं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का मुख्य एजेंडा पीडीए (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) का आरक्षण लूटना और लैटरल एंट्री के जरिए अपने लोगों को शामिल करना है। उन्होंने दावा किया कि संविदा भर्ती में कमीशनखोरी के चलते युवाओं को नौकरियां नहीं दी जा रही हैं। सपा प्रमुख ने युवाओं को भरोसा देते हुए वादा किया कि २०२७ में समाजवादी पार्टी की सरकार आने पर ‘नौकरी का कैलेंडर’ बनाया जाएगा, जिससे बेरोजगारी की समस्या का समयबद्ध समाधान निकाला जा सके।
हनुमान वेश पर सियासी बवाल
लखनऊ में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के स्वागत जुलूस के दौरान एक व्यक्ति को भगवान हनुमान का रूप (पोशाक) देकर हाथ में भाजपा का झंडा थमाकर नचवाने का मामला गरमा गया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने तीखा विरोध दर्ज कराते हुए भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। संजय सिंह ने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि भाजपा के नेता अपने जुलूस में भगवान बजरंग बली को हाथ में अपनी पार्टी का झंडा देकर नचवा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए लिखा कि अगर यही हाल रहा तो भाजपा ‘हिंदू धर्म’ खत्म करके ‘भाजपा धर्म’ लागू कर देगी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आने वाले समय में भाजपा अपने नेताओं को ही भगवान घोषित कर उनका मंदिर बनवाएगी और देशवासियों से उनकी पूजा करवाएगी।
