मुख्यपृष्ठनए समाचारशर्म करो भाजपा!..अमित साटम के बयान पर भड़की मनसे... ‘जूते मारो' आंदोलन...

शर्म करो भाजपा!..अमित साटम के बयान पर भड़की मनसे… ‘जूते मारो’ आंदोलन में पुतले पर बरसाईं चप्पलें

द्रुप्ति झा / मुंबई

मुंबई में मानसून के दौरान हुई दो दर्दनाक घटनाओं पर भाजपा के मुंबई अध्यक्ष अमित साटम के कथित विवादित बयान के बाद महाराष्ट्र की सियासत गरमा गई है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने सोमवार को असल्फा मेट्रो स्टेशन के पास अमित साटम के खिलाफ जोरदार ‘चप्पल मारो’ आंदोलन किया। प्रदर्शन के दौरान चांदीवली विधानसभा क्षेत्र से मनसे नेता महेंद्र भानुशाली समेत बाकी कार्यकर्ताओं ने साटम के पुतले पर चप्पल मारी और साटम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
बता दें कि विवाद उस कथित बयान को लेकर खड़ा हुआ, जिसमें विधानसभा परिसर में अमित साटम को यह कहते हुए सुना गया कि कल झाड़ पर था, आज मैनहोल हो गया, यह टिप्पणी चेंबूर में पेड़ गिरने से एक मासूम बच्चे की मौत और साकीनाका में खुले मैनहोल में गिरकर एक व्यक्ति की मौत के संदर्भ में बताई जा रही है।
मनसे ने इसे मृतकों और उनके परिजनों का अपमान बताते हुए भाजपा पर तीखा हमला बोला प्रदर्शन के दौरान ‘अमित साटम हाय-हाय’, ‘शर्म करो भाजपा’ और ‘मनसे अंगार है, बाकी सब भंगार है’ जैसे नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जनप्रतिनिधियों से संवेदनशीलता और जिम्मेदार व्यवहार की अपेक्षा की जाती है, लेकिन इस तरह के बयान पीड़ित परिवारों के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसे हैं।
अमानवीय और गैर-जिम्मेदाराना बयान
अमित साटम के बयान की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे अमानवीय और गैर-जिम्मेदाराना बताया गया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि अमित साटम सार्वजनिक रूप से बिना शर्त माफी मांगें। मनसे ने चेतावनी दी है कि यदि भाजपा नेता ने जल्द माफी नहीं मांगी तो राज्यभर में आंदोलन को और उग्र किया जाएगा और आने वाले दिनों में यह विवाद और गहराने के संकेत मिल रहे हैं।

अन्य समाचार