मुख्यपृष्ठनए समाचारभ्रष्टाचार की वजह से हो रही हैं दुर्घटनाएं! ...मामला ‘मिसिंग लिंक’ के...

भ्रष्टाचार की वजह से हो रही हैं दुर्घटनाएं! …मामला ‘मिसिंग लिंक’ के भूस्खलन का विजय वडेट्टीवार ने सरकार पर साधा निशाना

सामना संवाददाता / मुंबई
काफी प्रचार-प्रसार के साथ तैयार किए गए मुंबई-पुणे द्रुतगति मार्ग की ‘मिसिंग लिंक’ परियोजना में स्लैब धंसने की घटना सामने आई है। कुछ दिन पहले ही इस परियोजना में बड़े गड्ढों की तस्वीरें वायरल हुई थीं। सोमवार को मिसिंग लिंक के प्रवेश द्वार के पास स्लैब में बड़ा छेद होने के बाद विपक्ष ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को घेर लिया। कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने आरोप लगाया कि ये सभी दुर्घटनाएं भ्रष्टाचार का परिणाम हैं।
मुंबई-पुणे द्रुतगति मार्ग के मिसिंग लिंक क्षेत्र में भूस्खलन की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए विजय वडेट्टीवार ने कहा कि इससे पहले भी हल्की बारिश के दौरान वहां बड़े गड्ढे पड़ गए थे और सड़क बह गई थी। मिट्टी नरम होने के कारण मुख्य सड़क का हिस्सा धंस गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि इस परियोजना में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है और निर्माण कार्य बेहद घटिया गुणवत्ता का है। वडेट्टीवार ने कहा कि चाहे मिसिंग लिंक परियोजना हो या अन्य स्थानों पर होने वाले भूस्खलन, यह सब कमीशनखोरी वाली सरकार का परिणाम है। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा कि जब सरकार का ध्यान केवल कमीशन लेने पर हो तो ऐसे हादसे होना स्वाभाविक है।

सुरक्षा कार्य में लापरवाही
मुंबई में खुले मैनहोल में गिरने, पेड़ गिरने और मानखुर्द की इमारत हादसे में कई लोगों की मौत हुई है। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं ने नागरिकों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और सरकार को इस पूरे मामले को गंभीरता से लेना चाहिए। उनके अनुसार, बरसात से पहले किए जाने वाले एहतियाती उपायों में भारी लापरवाही बरती गई।

अन्य समाचार