सामना संवाददाता / मुंबई
राज्य में जारी मूसलाधार बारिश के बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नासिक जिले के लिए गंभीर चेतावनी जारी की है। उन्होंने कहा कि फिलहाल राज्य का सबसे महत्वपूर्ण मौसम संबंधी अलर्ट नासिक के लिए है, जहां एक बड़ा निम्न दबाव का क्षेत्र बन रहा है। यह तेजी से गहरे दबाव के क्षेत्र में बदल रहा है, जिसके कारण नासिक और त्र्यंबकेश्वर के बीच के इलाके में आज बादल फटने की प्रबल आशंका है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, यह बादल फटना अत्यंत भीषण हो सकता है। इस क्षेत्र में लगभग ३०० मिलीमीटर तक वर्षा होने की संभावना जताई गई है। नासिक शहर सहित जिले के कई हिस्से इस भारी बारिश से प्रभावित हो सकते हैं। संभावित आपदा को देखते हुए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां कर ली हैं। एहतियात के तौर पर स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है तथा जलभराव की आशंका वाले क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
आपदा प्रबंधन तंत्र सतर्क
नासिक शहर के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी आपदा प्रबंधन तंत्र को पूरी तरह सतर्क रखा गया है। बादल फटने जैसी स्थिति से उत्पन्न होने वाले संभावित संकट को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने विभिन्न एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि यह संभावित रूप से बड़ा मौसमीय खतरा है, इसलिए स्थिति पर लगातार और बेहद बारीकी से नजर रखने की आवश्यकता है।
