वैश्विक पासपोर्ट रैकिंग की रिपोर्ट से खुलासा
कांग्रेस ने प्रधानमंत्री मोदी पर साधा निशाना
सामना संवाददाता / मुंबई
हाल ही में जारी वैश्विक पासपोर्ट सूचकांक २०२६ में भारतीय पासपोर्ट की रैंकिंग गिरकर १२५वें स्थान पर पहुंच गई है। इसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।
खड़गे ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण भारत की वैश्विक छवि धूमिल हुई है। उन्होंने पासपोर्ट शुल्क में की गई बढ़ोतरी को लेकर भी सरकार की आलोचना की। खड़गे ने विभिन्न वैश्विक पासपोर्ट रैंकिंग का हवाला देते हुए कहा कि भारत की स्थिति लगातार नीचे जा रही है। उनके अनुसार, विश्व आर्थिक मंच की एक वैश्विक रैंकिंग में भारत वर्ष २०१३ के ७४वें स्थान से गिरकर जून २०२६ में ८०वें स्थान पर पहुंच गया है। वहीं, वैश्विक नागरिक समाधान के ताजा सूचकांक में भारत की स्थिति और भी निराशाजनक है तथा वह १२५वें स्थान पर खिसक गया है।
