मुख्यपृष्ठनए समाचारआरक्षण लॉटरी के खिलाफ १२९ शिकायतें .... वोटर लिस्ट में धांधली से...

आरक्षण लॉटरी के खिलाफ १२९ शिकायतें …. वोटर लिस्ट में धांधली से ११ लाख मतदाता बढ़े! … मनपा की मनमानी पर भड़के पूर्व नगरसेवक

सामना संवाददाता / मुंबई
राज्य की महायुति सरकार चुनाव आयोग की मदद से जमकर वोट चोरी और चुनाव में धांधली कर रही है। हाल ही में मनपा चुनाव के लिए घोषित किए गए वार्ड आरक्षण में भी गड़बड़ियों को लेकर लोगों ने काफी शिकायतें की हैं। इसके साथ ही शिवसेना के पूर्व नगरसेवकों ने वोटर लिस्ट में भी भारी गड़बड़ी के गंभीर आरोप लगाए हैं। कई वोटरों के नाम भाजपा की सहूलियत के अनुसार, बगल के वार्ड में शिफ्ट कर दिए गए। वोटर लिस्ट में धांधली करके ११ लाख वोटरों को शामिल किया गया है। इसमें भी कई फर्जी नाम बताए जा रहे हैं। चुनाव से पहले आयोग की इस गड़बड़ी को लेकर शिवसेना के पूर्व नगरसेवक भड़क गए हैं।

मनपा चुनाव में आरक्षण का मामला
भाजपा के इशारे पर हुई लॉटरी में गड़बड़!
पूर्व नगरसेवक का गंभीर आरोप

मनपा चुनाव को लेकर आरक्षण की जो लॉटरी निकाली गई है, उसमें काफी गड़बड़ियां हैं। ये गड़बड़ियां भाजपा के इशारे पर चुनाव आयोग ने की हैं। इस तरह का गंभीर आरोप पूर्व नगरसेवक सचिन पडवल ने लगाया है। उन्होंने कहा कि सही ढंग से चुनाव कराने के बजाय पक्षपात शुरू है। बता दें मनपा में वार्ड आरक्षण पर लोगों ने कुल १२९ आपत्तियां दर्ज कराई हैं। हालांकि, इस पर मनपा आयुक्त भूषण गगराणी २७ नवंबर तक उचित निर्णय लेंगे। इसके बाद २८ नवंबर को अंतिम आरक्षण का प्रारूप शासन राजपत्र में प्रकाशित किया जाएगा। मनपा चुनाव के लिए ११ नवंबर को २२७ वार्डों में एसटी–२, एससी–१५, ओबीसी–६१ और महिलाओं के लिए ११४ सीटों का आरक्षण घोषित किया गया था। मतदाता सूची में गड़बड़ी होने का सीधा आरोप शिवसेना ने लगाया है। चुनाव को देखते हुए कई जगहों पर मतदाताओं को दूसरे वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। कई जगहों पर नाम अलग-अलग सूचियों में डाले गए हैं। खुद शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे के करीबी और शिवसेना पदाधिकारी सूरज चव्हाण का नाम अलग मतदाता सूची में है। जबकि जिस इमारत में वे रहते हैं, उस इमारत के अन्य मतदाताओं के नाम एक अलग सूची में हैं। मुंबई और ठाणे सहित आसपास के महानगरों में मतदाताओं की संख्या में बड़ी वृद्धि हुई है। २०१७ के मनपा चुनाव की तुलना में इस बार मुंबई में ११ लाख ८० हजार १९१ मतदाताओं की वृद्धि हुई है। ठाणे में मतदाताओं की संख्या में ४ लाख २१ हजार २६१ की वृद्धि हुई है। यह भी संदेह प्रकट करता है।

 

अन्य समाचार