मुख्यपृष्ठनए समाचारएमपी सीएम की होपलेस हेल्पलाइन! ...नहीं हो रही जनता की सुनवाई

एमपी सीएम की होपलेस हेल्पलाइन! …नहीं हो रही जनता की सुनवाई

-किसान ने शनि महाराज से लगाई न्याय की गुहार
मध्य प्रदेश से अक्सर ऐसे मामले सामने आते हैं जो भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगाते हैं। इसी कड़ी में उज्जैन जिले की झारड़ा तहसील के लोटिया जुनार्दा गांव से एक ऐसा मामला सामने आया है, जो इस बात की पुष्टि करता है कि सीएम हेल्पलाइन पूरी तरह से होपलेस है। यहां न तो जनता की सुनवाई होती है और न ही किसी को न्याय मिलता है। यहां जनसुनवाई में शिकायत किए जाने के बाद भी आम लोगों की समस्या का निदान नहीं होता है। लोटिया जुनार्दा गांव में रहने वाले किसान हरि सिंह ने ९ महीने पहले दो भैंस और एक बछड़ा चोरी के मामले में कोई सुनवाई नहीं होने पर शनि देव महाराज से न्याय की गुहार लगाई।
किसान हरि सिंह की दो भैंस और एक बछड़ा ९ महीने पहले चोरी हो गया था। पशुओं की चोरी होने पर किसान ने वह सब कुछ किया, जो कि उसे करना चाहिए था। उसने थाने में शिकायत दर्ज करने के साथ ही सीएम हेल्पलाइन और जनसुनवाई में भी शिकायत की थी। वह समय-समय पर इसका फीडबैक भी लेता रहा, लेकिन इन सबके बावजूद भी जब ९ महीने में चोरी हुई भैंस और बछड़ा नहीं मिला, तो किसान ने न्याय के देवता भगवान शनि देव के मंदिर में ज्ञापन सौंपकर अपनी अर्जी लगाई है।

न्याय के लिए शनिदेव महाराज को सौंपा ज्ञापन
हरि सिंह को पुलिस अधिकारियों का व्यवहार बुरा लगा और उसने न्याय के लिए थाने और अधिकारियों के पास जाने के बजाय न्याय के देवता कहे जाने वाले शनिदेव के दरबार में जाने का मन बनाया। वह आखिर में शनि देव के दरबार पहुंचा और मंदिर पहुंचकर उसने एक ज्ञापन सौंपते हुए अपनी पीड़ा खुद शनि देव को पढ़कर सुनाई।

किसान की नहीं हुई सुनवाई
किसान की मांग है कि या तो भगवान शनि देव उनके पशु वापस दिलाएं या फिर लापरवाह अधिकारियों और चोरों को दंडित करें। किसान हरि सिंह का कहना है कि न्याय की गुहार लगाते-लगाते उसकी चप्पल तक घिस गई, लेकिन फिर भी न तो भैंस का पता चला और न ही बछड़े का। बार-बार थाने और अधिकारियों के पास जाने पर वह लोग भी उसके साथ अभद्र व्यवहार करने लगे थे।

अन्य समाचार