मुख्यपृष्ठनए समाचाररामलीला मैदान में सियासी संग्राम...`जनता को दिल्ली आने से रोका जा रहा!'

रामलीला मैदान में सियासी संग्राम…`जनता को दिल्ली आने से रोका जा रहा!’

-राहुल गांधी का अमित शाह पर बड़ा हमला
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
लोकतंत्र की आवाज बुलंद करने के लिए विपक्ष रामलीला मैदान में हुंकार भरने की तैयारी कर रहा है, लेकिन इस कार्यक्रम से केंद्र सरकार को इतना डर क्यों लग रहा है? लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि विपक्ष की रैली में उमड़ने वाली भीड़ को रोकने के लिए दूसरे राज्यों से लोगों को दिल्ली आने से रोका जा रहा है। राहुल गांधी ने सवाल उठाया कि आखिर सरकार जनता की आवाज से इतनी घबरा क्यों रही है?
१० राजाजी मार्ग स्थित अपने आवास पर ‘इंडिया’ गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं के साथ मीडिया से बातचीत में राहुल गांधी ने कहा कि उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, तेलंगाना और पंजाब से बड़ी संख्या में लोग रामलीला मैदान पहुंचना चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अमित शाह इन लोगों को दिल्ली आने से रोकने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि विपक्ष के कार्यक्रम में कम से कम भीड़ जुटे। राहुल गांधी ने चुनौती देते हुए कहा कि रामलीला मैदान में कितने लोग पहुंचते हैं और कितनों को रास्ते में रोका जाता है, यह जल्द ही सबके सामने आ जाएगा। राहुल गांधी ने देश में लाखों लोगों के मतदान का अधिकार छीने जाने का मुद्दा उठाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, उद्योगपति गौतम अडानी और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत का नाम लेकर सत्ता और बड़े उद्योगपतियों के कथित गठजोड़ पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई किसी एक राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि संविधान, लोकतंत्र और नागरिकों के वोट देने के अधिकार को बचाने की है।
`लोकतंत्र की आवाज
बुलंद की जाएगी’
राहुल गांधी ने साफ किया कि ‘इंडिया’ गठबंधन के सभी दल इस मुद्दे पर एकजुट हैं। रामलीला मैदान से लोकतंत्र की आवाज बुलंद की जाएगी। विपक्ष का आरोप है कि जब जनता अपने मताधिकार और संवैधानिक अधिकारों के लिए सड़क पर उतरना चाहती है, तब उसे रोकने की कोशिश की जा रही है। सवाल है कि क्या अब लोकतंत्र में विरोध की आवाज उठाने के लिए भी सत्ता से इजाजत लेनी पड़ेगी?
ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष का हल्लाबोल!
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष का प्रस्तावित ‘जन महाभियोग’ कार्यक्रम आज आयोजित किया जाएगा। दिल्ली में शुक्रवार को `इंडिया’ गठबंधन की प्रेस कॉन्फ्रेंस में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कार्यक्रम टालने की घोषणा की। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि यह कार्यक्रम कल पहले से तय समय पर आयोजित किया जाएगा।
`सीईसी को इस्तीफा देना ही होगा’
मुख्य चुनाव आयुक्त पर विपक्ष का दबाव बढ़ा। विपक्षी दलों ने चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और एसआईआर को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। संसद से सड़क तक विरोध के बीच विपक्ष ने साफ कहा है कि ज्ञानेश कुमार को पद छोड़ना ही होगा। सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली `इंडिया’ गठबंधन की रैली के लिए तैयारियां तेज कर दी गर्इं। रविवार को रैली सुबह १० बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित होगी। रैली को लेकर एक ओर जहां कांग्रेस ने दावा किया है कि इसमें करीब १० लाख लोग शामिल होंगे।

अन्य समाचार