मुख्यपृष्ठनए समाचारखेल जगत शर्मसार .... `किसी को कुछ बताया तो करियर बर्बाद कर...

खेल जगत शर्मसार …. `किसी को कुछ बताया तो करियर बर्बाद कर दूंगा!’ ….महिला शूटर ने कोच पर लगाया यौन शोषण का आरोप

हरियाणा के फरीदाबाद से खेल जगत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया, जिसने नाबालिग खिलाड़ियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुकी १७ वर्षीय निशानेबाज ने अपने ही कोच पर यौन शोषण का आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार, प्रतियोगिता के बाद समीक्षा के बहाने उसे होटल बुलाया गया, जहां कथित रूप से अपराध हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया तेज कर दी है।
एक रिपोर्ट के मुताबिक, बीते साल की १६ दिसंबर को पीड़िता ने दक्षिण दिल्ली के तुगलकाबाद स्थित डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। प्रतियोगिता समाप्त होने के बाद कोच ने उसके प्रदर्शन पर चर्चा का हवाला देते हुए फरीदाबाद के सूरजकुंड क्षेत्र के एक होटल में बुलाया। आरोप है कि होटल की लॉबी से उसे कमरे में ले जाया गया, जहां कथित तौर पर यौन शोषण किया गया। शिकायत में कहा गया है कि वारदात के बाद कोच ने नाबालिग खिलाड़ी को चुप रहने की धमकी दी। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसका खेल करियर खत्म करने और परिवार को नुकसान पहुंचाने की बात कही। इसी डर के कारण वह तुरंत शिकायत नहीं कर सकी। बाद में परिजनों को जानकारी देने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा और कानूनी कार्रवाई शुरू हुई। चूंकि एथलीट घटना के समय नाबालिग थी इसलिए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की धारा ६ और भारतीय न्याय संहिता की धारा ३५१(२) के तहत मामला दर्ज किया है।

होटल में हैवानियत
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि कोच ने उसे होटल की लॉबी में बुलाया था, लेकिन वहां पहुंचने पर उसने लड़की पर दबाव बनाया कि वह बेहतर और अधिक केंद्रित चर्चा के लिए उसके कमरे में चले। आरोप है कि कमरे में ले जाकर कोच ने नाबालिग खिलाड़ी का यौन उत्पीड़न किया।

अन्य समाचार