मुख्यपृष्ठस्तंभउत्तर की बात : `लोकतंत्र के साथ खुला खिलवाड़ कर रही बीजेपी'

उत्तर की बात : `लोकतंत्र के साथ खुला खिलवाड़ कर रही बीजेपी’

रोहित माहेश्वरी
लखनऊ

निर्वाचन आयोग ने एसआईआर प्रक्रिया के तहत यूपी की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी कर दी है। इस ड्राफ्ट में कुल २.८९ करोड़ वोटरों के नाम हटाए गए हैं। एसआईआर के तहत ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी होने पर राजनीति गरमा गई है। विपक्षी दलों ने चुनाव आयोग और सरकार पर हमला बोल दिया है। यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि ये यूपी के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया है और जितने मतदाताओं का सचमुच नाम कटा है, मुझे लगता है कि ये बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। एआईएमआईएम नेता असीम वकार ने कहा कि योगी जी को इस्तीफा दे देना चाहिए, क्योंकि नकली वोटों पर सरकार बनी है। वहीं `आप’ सांसद संजय सिंह ने कहा कि यूपी में चुनाव आयोग और बीजेपी ने मिलकर लोकतंत्र के साथ खुला खिलवाड़ किया है।
एसआईआर के बहाने
एनआरसी लागू कर रही भाजपा
यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री एवं सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए उसे लोकतंत्र विरोधी करार दिया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का बुनियादी चरित्र ही लोकतंत्र विरोधी है। वह लगातार सत्ता का दुरुपयोग कर रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि वर्तमान में जो एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) की प्रक्रिया चलाई जा रही है, वह दरअसल एनआरसी का ही दूसरा रूप है। उन्होंने कहा कि भाजपा नकारात्मक सोच और विभाजनकारी राजनीति का प्रतिनिधित्व करती है। संविधान और लोकतंत्र में उसकी कोई आस्था नहीं है। जनता से बड़े-बड़े वादे कर सत्ता में आने वाली भाजपा सरकार ने लोगों को केवल झूठ और भ्रम दिया है।
सपा इन एक्शन
एसआईआर के तहत मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशन होने के बाद सपा काटे गए एक-एक नाम के सत्यापन में जुट गई है। पार्टी ने अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) को अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत व डुप्लीकेट श्रेणी में बताए गए नामों की जांच करने के लिए तो कहा ही है, साथ में मतदाता बनने के लिए आवेदन करने वालों का भी सत्यापन करने के निर्देश दिए गए हैं। इनमें अपने समर्थक मतदाताओं की पहचान करने और साथ ही प्रक्रिया में गड़बड़ी मिलने पर उससे संबंधित साक्ष्य भी एकत्र करने के लिए भी कहा गया है। बीएलए जिम्मेदारी में लापरवाही न करें, इसके लिए ब्लाक स्तर पर प्रभारी बनाए गए हैं और पार्टी मुख्यालय से प्रतिदिन रिपोर्ट भी मांगी जा रही है।

अन्य समाचार