संदीप पांडेय / मालाड
मनपा चुनाव में प्रभाग क्रमांक ३५ मालाड से शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के उम्मीदवार दीपक दावल मोरे चुनाव निशानी मशाल के साथ जोरों शोरों से प्रचार कर रहे हैं उन्हें विभिन्न समाजों का खुला और मजबूत समर्थन मिल रहा है। शिवसेना, मनसे और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की संयुक्त युति से चुनाव लड़ रहे दीपक मोरे को मारवाड़ी समाज, क्रिश्चियन समाज और गुजराती मंडल ने एकमत से समर्थन देने की घोषणा की है।
स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि पूर्व गुजराती नगरसेविका द्वारा क्षेत्र में अपेक्षित विकास कार्य न किए जाने से गुजराती समाज में गहरी नाराजगी थी। इसी वजह से इस बार उन्हें टिकट न देकर एक बाहरी उम्मीदवार को मैदान में उतारा गया है, जबकि शिवसेना ने स्थानीय और जमीनी उम्मीदवार के रूप में दीपक मोरे को मौका दिया।
समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का मानना है कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए अब एक सक्रिय, ईमानदार और जनता से जुड़ा नेतृत्व आवश्यक है। इसी भरोसे के साथ विभिन्न समाजों ने दीपक मोरे के समर्थन का निर्णय लिया है।
दीपक मोरे लंबे समय से नागरिक समस्याओं से जुड़े रहे हैं और जनता के बीच उनकी सक्रिय उपस्थिति रही है। इसके विपरीत, विरोधी पार्टी का उम्मीदवार क्षेत्र से अपरिचित बताया जा रहा है, जिससे स्थानीय नागरिकों में असंतोष देखा जा रहा है। यही कारण है कि दीपक मोरे की लोकप्रियता दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। दीपक मोरे ‘लोकांसाठी-लोकांसोबत’ के सिद्धांत पर कार्य कर रहे हैं। स्वच्छता, सुरक्षित परिसर, बेहतर जलापूर्ति, सड़कों की मरम्मत, मजबूत ड्रेनेज व्यवस्था और आधुनिक कचरा प्रबंधन उनकी प्राथमिकताओं में शामिल हैं। साथ ही महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और युवाओं के लिए विशेष योजनाएं, सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं और शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराने का उन्होंने संकल्प लिया है।
