सामना संवाददाता / मुंबई
महाराष्ट्र की अस्मिता और मुंबई के स्वाभिमान की हुंकार एक बार फिर शिवतीर्थ पर गूंजने जा रही है। शिवसेना–महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना की ऐतिहासिक युति और राष्ट्रवादी के साथ आने के बाद रविवार ११ जनवरी को दादर स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज मैदान में शाम ५ बजे तीनों दलों की संयुक्त सार्वजनिक सभा आयोजित की गई है।
शिवसेना पक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे एक ही मंच से गर्जना करेंगे, इसलिए पूरे देश की निगाहें इस सभा पर टिकी हुई हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि यह सभा महाराष्ट्र की राजनीति की आगे की दिशा तय करने वाली साबित होगी। ठाकरे बंधुओं के एक साथ आने से शिवसैनिकों और मनसे सैनिकों में जबरदस्त उत्साह का संचार हुआ है। मुंबई, ठाणे सहित २९ महानगरपालिकाओं पर भगवा फहराने का संकल्प इसी सभा में लिया जाएगा।
एकजुटता का विराट दर्शन
मुंबई के विकास का विजन सामने आने के बाद समर्थन में बढ़ोतरी हुई है। यह संयुक्त सभा केवल एक राजनीतिक सम्मेलन नहीं होगी, बल्कि महाराष्ट्र की जनता के स्वाभिमान और शक्ति का प्रतीक बनेगी तथा एकजुटता का भव्य दर्शन प्रस्तुत करेगी।
