हिमांशु राज
टाइगर बेबी और अमेज़न प्राइम वीडियो द्वारा निर्मित डॉक्यूमेंट्री सीरीज ‘इन-ट्रांजिट’ को 37वें वार्षिक ग्लैड मीडिया अवॉर्ड्स में ‘आउटस्टैंडिंग डॉक्यूमेंट्री’ श्रेणी में नामांकन मिला है। ग्लैड मीडिया अवॉर्ड्स मीडिया में एलजीबीटीक्यू+ समुदाय की निष्पक्ष, सटीक और समावेशी प्रस्तुति के लिए वैश्विक उत्कृष्टता को सम्मानित करते हैं। यह नामांकन उन कहानियों की सराहना करता है, जो एलजीबीटीक्यू+ जीवन को साहसिक, सच्चा और समावेशी ढंग से चित्रित करती हैं। अयेशा सूद द्वारा निर्देशित और टाइगर बेबी द्वारा निर्मित यह अनस्क्रिप्टेड डॉक्यूमेंट्री सीरीज अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीमिंग हो रही है। यह भारत भर के नौ ट्रांस और नॉन-बाइनरी व्यक्तियों की गहन व्यक्तिगत यात्राओं को दर्शाती है, जो प्रेम, पहचान, परिवार और आत्म-अभिव्यक्ति के बीच संतुलन बनाते हुए जीवन की चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। ये सभी अपनी यात्रा के विभिन्न चरणों में हैं, जहां वे सामाजिक मानदंडों को चुनौती दे रहे हैं और बदलाव ला रहे हैं। मुंबई और दिल्ली जैसे हलचल भरे महानगरों से लेकर छोटे शहरों तक फैली यह सीरीज़ ट्रांस जीवन की समग्र और सूक्ष्म तस्वीर पेश करती है। भारतीय संदर्भ में यह सामूहिक रूप से पुरानी धारणाओं को तोड़ने का प्रयास है। इस श्रेणी में एकमात्र भारतीय डॉक्यूमेंट्री के रूप में नामांकित होना भारत जैसे विविधतापूर्ण देश के लिए गहन सम्मान है, जहां प्रामाणिक प्रतिनिधित्व की महत्ता असीम है।निर्माता ज़ोया अख्तर ने कहा, “ग्लैड द्वारा ‘इन-ट्रांजिट’ को नामांकन मिलना सम्मानजनक है। निर्देशक अयेशा सूद को बधाई और अमेजन प्राइम को हृदय से धन्यवाद, जिन्होंने हमें यह मंच दिया। यह हमारा विश्वास मजबूत करता है कि जड़ों से जुड़ी भारतीय कहानियां प्रामाणिकता से विश्व भर के दर्शकों से गूंजती हैं।”निर्माता रीमा कागती ने जोड़ा, “’इन-ट्रांजिट’ हमारे लिए बेहद खास है। ग्लैड को धन्यवाद कि वे ऐसी अनदेखी कहानियों के लिए स्थान बनाते हैं, जो पहचान, गरिमा और सत्य का जश्न मनाती हैं।”निर्देशक अयेशा सूद ने कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा, “ट्रांस वास्तविकताओं के इस महत्वपूर्ण दौर में इन नौ अद्भुत पात्रों की कहानियाँ कहना सौभाग्य है। उनकी कहानियां व्यक्तिगत होते हुए भी सार्वभौमिक हैं। ग्लैड को इस नामांकन के लिए हार्दिक धन्यवाद।”अमेज़न प्राइम वीडियो पर विशेष रूप से उपलब्ध ‘इन-ट्रांजिट’ लेबलों से परे जीवन की अंतरंग झलक देती है। यह टाइगर बेबी की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है, जो भावनात्मक रूप से गहरी, सामाजिक रूप से प्रासंगिक और वैश्विक प्रभाव वाली कहानियां गढ़ती है।
