-पीएम, एचएम को `दीदी’ की चुनौती
-ईडी की रेड के खिलाफ सीएम ममता बनर्जी की विशाल रैली
सामना संवाददाता / कोलकाता
पश्चिम बंगाल में गुरुवार को आई- पीएसी के ऑफिस में ईडी द्वारा छापा मारने के बाद सियासी संग्राम तेज हो गया। शुक्रवार को कोलकाता में सीएम ममता बनर्जी ने इसके विरोध में एक रैली निकाली। इस दौरान उन्होंने मोदी सरकार और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर जमकर निशाना साधा। रैली को संबोधित करते हुए सीएम बनर्जी ने बड़ा दावा भी किया है। उन्होंने कहा कि उनके पास अमित शाह के खिलाफ पेन ड्राइव हैं। रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि दिल्ली में भाजपा के बड़े नेताओं तक कोयला घोटाले की रकम पहुंचती है। सुवेंदु अधिकारी ने कोयला घोटाले के पैसे का इस्तेमाल किया और अमित शाह को भेजा है। उन्होंने कहा कि अगर कोई मुझे छेड़ता है तो मैं भी छोड़ती नहीं हूं।
सीएम ने कहा कि मैं चैलेंज करती हूं कि वे (बीजेपी) हरियाणा और बिहार में जबरदस्ती सत्ता में आए। एक और राज्य में वे जबरदस्ती सत्ता में आए। अब वे बंगाल में ऐसा करने की कोशिश कर रहे हैं। मुझसे पूछिए कि कोयला घोटाले का पैसा किसने इस्तेमाल किया।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि एसआईआर के नाम पर वे स्थानीय लोगों को निशाना बनाते हैं। उन्होंने बूढ़े लोगों और गर्भवती महिलाओं को परेशान किया। अगर आप बंगाली बोलते हैं, तो वे आपको बांग्लादेशी घोषित कर देते हैं। यह सब इसलिए किया जा रहा है क्योंकि वे महाराष्ट्र और हरियाणा की तरह बंगाल में भी सत्ता में आने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन यह मुमकिन नहीं है।
`मेरे पास अमित शाह के खिलाफ पेन ड्राइव है’
ममता बनर्जी ने दावा किया कि उनके पास गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ पेन ड्राइव हैं। उन्होंने कहा, `दिल्ली में बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं तक कोयला घोटाले की रकम पहुंचती है। मेरे पास इसके सबूत हैं। जरूरत पड़ी तो मैं इन्हें जनता के सामने पेश कर सकती हूं।’
‘मुंह खोल दिया तो पूरा देश हिल जाएगा’
ममता बनर्जी ने कहा कि कोयला निधि कौन लेता है? इस बारे में अगर मैंने बोल दिया तो पूरा देश हिल जाएगा। मेरे पास सभी जानकारी है। यदि तुम हमला करोगे तो मैं पलटवार करूंगी। मुझे पलटवार करना आता है।
टीएमसी सांसदों ने हिला दी दिल्ली
प्रवर्तन निदेशालय की छापेमारी के खिलाफ शुक्रवार को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने मोर्चा खोल दिया। पार्टी के सांसदों ने गृह मंत्री अमित शाह के ऑफिस के बाहर प्रदर्शन किया। दिल्ली पुलिस ने टीएमसी सांसदों को हिरासत में लिया। वहीं महुआ मोइत्रा ने ईडी की रेड पर कहा है कि हमारे साथ गलत हो रहा है। हमारी सीएम किसी के सामने झुकेंगी नहीं।
