मुख्यपृष्ठनए समाचारमेरठ में बेखौफ बदमाश...मां की हत्या कर बेटी को उठा ले गए...

मेरठ में बेखौफ बदमाश…मां की हत्या कर बेटी को उठा ले गए दबंग!

-अखिलेश यादव का योगी सरकार पर तीखा हमला

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ में मां की हत्या करके बेटी के अपहरण के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। इस हत्या और अपहरण की घटना के बाद परिजन आक्रोशित हैं, इस मामले को लेकर विपक्ष ने उत्तर प्रदेश की सत्ता पर काबिज योगी सरकार की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। इस मामले को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर कड़ा हमला बोलते हुए कहा कि मेरठ में मां की हत्या और बेटी को उठाकर ले जाने का मामला बेहद गंभीर है। उन्होंने आगे कहा, `भाजपा सरकार अपराधियों को संरक्षण देते-देते आज जिस स्तर पर पहुंच गई है, वहां से वापस नहीं लौट सकती क्योंकि अपराधी उनके राज खोल देंगे। सरकार से कोई उम्मीद ही न बचे, इससे बुरा और कुछ नहीं हो सकता। भाजपा पूरी तरह नाकाम सरकार है।
मेरठ के सरधना में क्या हुआ?
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सरधना थाना क्षेत्र के कपसाड़ गांव में अनुसूचित जाति की एक महिला अपनी २० वर्षीय बेटी के साथ ८ जनवरी को सुबह करीब आठ बजे खेत पर गन्ने की छिलाई के लिए जा रही थी, तभी रास्ते में गांव के रहने वाले पारस नामक युवक ने उन्हें रोक लिया और कथित रूप से अभद्रता करने लगा। उनके मुताबिक, महिला ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए धारदार हथियार से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे घायल हुई महिला मौके पर ही गिर पड़ी और इसके बाद आरोपी युवती को जबरन अपने साथ ले गया। गंभीर रूप से घायल हुई महिला को मोदीपुरम स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान शाम करीब साढ़े चार बजे उसकी मौत हो गई।
`झूठी सरकार, झूठे वादे!’
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने मेरठ में हुई दलित महिला की हत्या पर उत्तर प्रदेश सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार सिर्फ महिला सुरक्षा के नाम पर झूठे वादे करती है। जसवंतनगर विधायक ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है सिर्फ और सिर्फ पुलिस आरोपियों के पैर में गोली मारकर अपनी पीठ थपथपा रही है।

अन्य समाचार