रवीन्द्र मिश्रा / मुंबई
काशी मीरा मेट्रो स्टेशन के सामने स्थित जागृत संकटमोचन श्री हनुमान मंदिर में शनिवार को परंपरा के अनुसार 146वां भंडारा भक्तिभाव के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
मंदिर के ट्रस्टी डॉ. राधेश्याम गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि यह मंदिर आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रतिदिन भक्तों का निरंतर आगमन होता रहता है। मंदिर परिसर में संचालित गोशाला भी श्रद्धालुओं की विशेष आस्था का केंद्र बनी हुई है। गोभक्त नियमित रूप से यहां पहुंचकर गोमाता की सेवा में योगदान देते हैं।
भंडारे के साथ-साथ मकर संक्रांति के पावन अवसर पर जरूरतमंद महिलाओं को निःशुल्क साड़ियों का वितरण भी किया गया, जिससे सामाजिक सेवा का संदेश प्रसारित हुआ।
इस कार्यक्रम में श्रीमती सुभद्रा देवी, डॉ. राधेश्याम गुप्ता, श्री मधु कुमार राठी, श्रीमती ममता जी, श्री महेश मनवानी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे और आयोजन को सफल बनाया।
