-शिल्पा शेट्टी, तुषार कपूर व एमडी डॉ. धर्मेंद्र कुमार की रहेगी उपस्थिति
सामना संवाददाता / मुंबई
डॉक्टर 365 और डीआरवीए चैरिटेबल ट्रस्ट के द्वारा 5वें बॉलीवुड महा आरोग्य शिविर 2026 का आयोजन चित्रकूट ग्राउंड अंधेरी-पश्चिम, मुंबई में 18 जनवरी 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा। जहां प्रसिद्ध एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी के साथ एक्टर तुषार कपूर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इस संदर्भ में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में नरेश मल्होत्रा (चेयरमैन प्राईम फोकस), डॉ. मनीष मोटवानी, एक्टर दीपक पराशर, इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (इम्पा) के अध्यक्ष अभय सिन्हा, फैशन डिजाइनर अर्चना कोचर, एक्शन डायरेक्टर टीनू वर्मा, संदीप सोपारकर, बी एन तिवारी, दिलीप सेन, हरीश चोकसी, भोजपुरी अभिनेत्री संगीता तिवारी, महेंद्र पोद्दार (चित्रकूट ग्राउंड) जैसे दिग्गज लोग उपस्थित थे।
5वें बॉलीवुड महा आरोग्य शिविर में लोगों को जनरल हेल्थ चेकअप, व्हीलचेयर वितरण, आंखों की जांच और चश्मे का वितरण, ब्लड चेकअप, डेंटल, ई एंड टी, जनरल सर्जरी, गायनेकोलॉजिस्ट, यूरोलॉजिस्ट, डर्मेटोलॉजी, कैंसर जांच, बच्चों के हेल्थ चेकअप, एक्स-रे, बीएमडी, बीएमआई, मैमोग्राफी, दवाएं, 5 लाख का हेल्थ कार्ड की सुविधाएं प्राप्त होगी। मुंबई के प्रीमियम अस्पतालों के डॉक्टरों और पैरामेडिकल टीम द्वारा इस शिविर को सहयोग मिल रहा है।
डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि कोरोना काल के बाद से बॉलीवुड से जुड़े लोगों के लिए ये विशेष आरोग्य शिविर का आयोजन हम करते आ रहे हैं। इसमे मीडिया से जुड़े लोग और उनके परिवार वाले भी लाभ ले सकते हैं। बी एन तिवारी ने कहा कि हमारे काफी मेंबर्स इस मुफ्त हेल्थ कैंप का लाभ ले रहे हैं। इस तरह के कैंप लगातार होने चाहिए।
संगीतकार दिलीप सेन ने कहा कि मैं भाग्यशाली हूं कि मैं डॉ 365 से जुड़कर काम कर रहा हूं। 18 जनवरी को आप सभी अपने परिवार और साथियों को लेकर आइए और इस बेहतरीन सुविधा का लाभ उठाइए। हरीश चोकसी ने कहा रोटरी ऐसा काम करने वाली है, जिससे कि बिना व्हीलचेयर के लोग चलने लगेंगे। डॉ. धर्मेंद्र कुमार का प्रयास सराहनीय है। सबसे ज्यादा फ्री मेगा मेडिकल कैंप करने के कारण उनकी संस्था ने वर्ल्ड रिकॉर्ड मे भी नाम दर्ज करवाया है। महेंद्र पोद्दार ने कहा कि डॉ. धर्मेंद्र से विनती करूंगा कि वह साल में 2 बार इस तरह का शिविर करें और हमारा सपोर्ट इसी तरह उन्हें मिलता रहेगा। डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि व्हील चेयर का लाभ लेने लोग अधिक से अधिक संख्या में आएं। हम ऐसे लोगों की सेवा के लिए तत्पर हैं। रोगी घर पर रहते हुए भी चिकित्सकों से ऑनलाइन या फोन के माध्यम से निःशुल्क परामर्श लेकर दवा ले सकते हैं, इस दिशा में भी हम काम कर रहे हैं। डीआरवीए चैरिटेबल ट्रस्ट पिछले 15 वर्षों से कार्यरत है। ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ धर्मेंद्र कुमार का लक्ष्य है कि हम सब मिलकर एक स्वस्थ, सशक्त और प्रगतिशील समाज की दिशा में काम करते रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि अब तक डॉ. धर्मेंद्र कुमार के मार्गदर्शन में कुल 9781 मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया है, जिससे एक करोड़ 96 लाख मरीजों को लाभ मिला, 11 लाख से अधिक सिकल सेल्स की जांच और 22 हजार मरीजों का इलाज हुआ। 12 लाख टीबी पेशेंट्स की जांच और दवाएं, 80 हजार टीबी मरीजों को न्यूट्रीशन किट दिया गया। 3 लाख लोगों की आंखों की जांच, जबकि 1.8 लाख चश्मे वितरित किए गए। 92 हजार व्हीलचेयर का वितरण किया गया, जबकि अब तक कुल 11 हजार लोगों की सर्जरी करवाई गई है।
