ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग में पाकिस्तानी खिलाड़ियों से काफी उम्मीदें थीं, लेकिन ज्यादातर नामचीन खिलाड़ियों ने अब तक निराश ही किया है। बाबर आजम, शाहीन शाह अफरीदी और मोहम्मद रिजवान अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सके, जबकि सिर्फ हारिस रऊफ ही असर छोड़ पाए हैं। अब लीग में शामिल हुए एक और पाकिस्तानी तेज गेंदबाज जमान खान अपने प्रदर्शन से ज्यादा बॉलिंग एक्शन को लेकर चर्चा में आ गए हैं। १० जनवरी को बीबीएल १५ में ब्रिसबेन हीट के लिए डेब्यू करनेवाले जमान खान का पहला मुकाबला बेहद खराब रहा। शुरुआती ओवर के बाद उनके अगले दो ओवरों में जमकर रन पड़े। इसी दौरान सिडनी थंडर के कप्तान डेविड वॉर्नर ने अंपायर से उनके स्लिंग एक्शन की शिकायत की, जिसे उन्होंने ‘चार साल के बच्चे जैसा’ बताया। हालांकि, अंपायर ने कोई कार्रवाई नहीं की, लेकिन खराब प्रदर्शन के चलते जमान को आगे गेंदबाजी का मौका नहीं मिला। तीन ओवर में ३२ रन देकर वह बिना विकेट के रहे।
