-चुनाव आते ही ईडी की एंट्री…कपिल सिब्बल का भाजपा पर बड़ा आरोप
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आते ही प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की गतिविधियां तेज हो जाती हैं, जो लोकतंत्र पर सीधा हमला है। कपिल सिब्बल ने आरोप लगाया कि ईडी का इस्तेमाल विपक्षी नेताओं को डराने और दबाव में लाने के लिए किया जा रहा है। यह सब एक ‘डर्टी पॉलिटिक्स’ के तहत हो रहा है, जिसमें जांच एजेंसियों को राजनीतिक हथियार बना दिया गया है।
कपिल सिब्बल ने कहा कि आज उन्हें यूपीए सरकार का २००४ से २०१४ तक का कार्यकाल याद आ गया। आज जिस तरह अखबारों में खबरें छप रही हैं, वैसी हमने उन १० सालों में नहीं देखीं, क्योंकि हमने ईडी को इतनी खुली छूट नहीं दी थी। कपिल सिब्बल ने कहा कि उस दौरान किसी भी राजनीतिक दल या नेता पर झूठी जानकारी के आधार पर मुकदमा नहीं चलाया जाता था। जब ईडी का गठन हुआ था, तब यह नहीं पता था कि इसे एक सर्वव्यापी अभियोजन एजेंसी बना दिया जाएगा, जो भारत में कहीं भी, कभी भी जा सकती है और पूरे संघीय ढांचे पर इस तरह से हमला कर सकती है। उन्होंने कहा कि भाजपा ईडी का इस्तेमाल विपक्षी नेताओं को परेशान करने के लिए कर रही है। कपिल सिब्बल ने सवाल उठाया कि कोई भी जांच एजेंसी किसी दफ्तर में जाकर सभी फाइलें आखिर वैâसे ले जा सकती है।
ममता को परेशान करने के लिए ईडी का इस्तेमाल
राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने कहा कि पश्चिम बंगाल में, जहां भाजपा चुनाव नहीं जीत सकती, वहां ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को परेशान करने के लिए ईडी का इस्तेमाल किया जा रहा है।
