उत्तर प्रदेश के जौनपुर में एक युवक ने अपनी पत्नी की शादी उसके प्रेमी से करा दी। दरअसल, युवक को आशंका थी कि यदि वह पत्नी और उसके प्रेमी के रिश्ते को स्वीकार नहीं करता तो उसकी जान को खतरा हो सकता है। उसकी हत्या भी हो सकती है। इसी डर के चलते उसने खुद आगे बढ़कर पत्नी की उसके प्रेमी से शादी कराई और विवाह के बाद दोनों को आशीर्वाद देकर विदा कर दिया।
यह पूरा मामला जौनपुर का है। जलालपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पम्मी प्रजापति की शादी चार वर्ष पूर्व मिर्जापुर के रहने वाले तंजय के साथ हुई थी। शादी के एक साल बाद दोनों से एक बेटा भी हुआ। तंजय पत्नी और बच्चे को लेकर मुंबई में रहता था और वहीं एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। आरोप है कि तंजय की पत्नी पम्मी बिना बताए २ जनवरी को अपने प्रेमी राजू बैरागी के साथ मुंबई से भागकर जौनपुर चली गई। काफी ढूंढ़ने के बाद भी जब पत्नी के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली तो उसने महाराष्ट्र पुलिस में इसकी शिकायत की थी। हालांकि, प्रेमी के साथ जौनपुर पहुंचने के बाद पत्नी ने फोन करके जो बताया, उसे सुनकर पति के पैरों तले जमीन खिसक गई।
वकील की मौजूदगी में विवाह संपन्न
तंजय ने पम्मी और उसके प्रेमी राजू बैरागी के परिजनों और अधिवक्ताओं की मौजूदगी में शुक्रवार को बड़ा फैसला ले लिया। कचहरी पहुंचकर अधिवक्ताओं से कानूनी सलाह लेते हुए मंदिर में तंजय ने पत्नी की उसके प्रेमी से शादी कराकर उसे आशीर्वाद देते हुए विदा कर दिया। लिखा-पढ़ी वाले समझौते के अनुसार, तंजय अपने दो वर्षीय बेटे को अपने साथ रखते हुए पत्नी को जाने दिया।
पत्नी बोली, ` प्रेमी के साथ ही रहूंगी’
तंजय ने बताया कि उसकी पत्नी खुद फोन करके बोली कि वह अपने प्रेमी के साथ घर यानी जौनपुर जा रही है और अब वह उसी के साथ ही रहेगी। काफी समझाने के बाद भी जब पत्नी अपनी इस जिद पर अड़ी रही। पति ने परिवार वालों को सारी बात बताते हुए पम्मी को छोड़ने का पैâसला कर लिया। प्रेमी राजू बैरागी पम्मी के पड़ोसी गांव का ही रहने वाला है। दोनों साथ में ही पढ़ते थे।
