सामना संवाददाता / मुंबई
भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे एक बार फिर अपने बयान के चलते विवादों के घेरे में आ गए हैं। उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दानवे खुले मंच से गोवंश हत्या की अनुमति दिए जाने की कथित स्वीकारोक्ति कर रहे हैं। इस बयान में रावसाहेब कहते हैं कि जब सरकार ने गोवंश हत्या बंदी कानून लागू किया, तब कुछ लोग उनके पास आए और शिकायत की कि अब इसे काटने पर रोक लग गई है। इस पर उन्होंने कहा कि जब तक रावसाहेब दानवे हैं, तब तक यह सब बंद नहीं होने देंगे। इस वीडियो को साझा करते हुए शिवसेना नेता अंबादास दानवे ने जोरदार हमला बोला है। उन्होंने भाजपा की दोहरी नीति और पाखंडी हिंदुत्व पर तीखा कटाक्ष किया है। दानवे ने कहा कि एक तरफ ‘गौमाता’ का ढोल पीटना और दूसरी तरफ ‘काटी-काटा’ शुरू है। इसे ही हिंदुत्व की बलि कहते हैं।
