मुख्यपृष्ठनए समाचारभाजपा को सत्ता और पैसे का घमंड... मेरे पास निष्ठावान शिवसैनिकों की...

भाजपा को सत्ता और पैसे का घमंड… मेरे पास निष्ठावान शिवसैनिकों की ताकत!.. उद्धव ठाकरे का दृढ़ विश्वास

सामना संवाददाता / संभाजीनगर

अगर शिवसेनाप्रमुख ने सहारा नहीं दिया होता तो भाजपा का अस्तित्व महाराष्ट्र में कब का खत्म हो गया होता। शिवसेनाप्रमुख ने उन्हें शुरुआत में दानापानी दिया वर्ना राजनीति में उनका कब का अंत हो गया होता। शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने कल छत्रपति संभाजीनगर में आयोजित विराट जनसभा में भाजपा पर ऐसा जोरदार हमला किया। उन्होंने दृढ़ विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा के पास सत्ता और पैसे का नशा है, लेकिन मेरे पास शिवसैनिकों के निष्ठा की शक्ति है। अगर पैसे की यह दादागीरी इसी तरह चलती रही तो ममता बनर्जी की तरह महाराष्ट्र भी सड़कों पर उतरेगा। ऐसी कड़ी चेतावनी उन्होंने दी।
छत्रपति संभाजीनगर के मराठवाड़ा सांस्कृतिक मैदान में आयोजित विराट जनसभा को संबोधित करते हुए उद्धव ठाकरे ने शहर के रुके हुए विकास, पानी की गंभीर समस्या, किसानों की उपेक्षा और सत्ताधारियों के बेलगाम बयानों जैसे तमाम मुद्दों पर भाजपा और सरकार की जमकर खबर ली।
‘राष्ट्र प्रथम’ वाली भाजपा खत्म हो चुकी है!
कल छत्रपति संभाजीनगर में आयोजित सभा में शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने भाजपा की जमकर खबर ली। उद्धव ठाकरे ने कहा कि भाजपा में निष्ठावानों की हालत बेहद खराब है। गंदे लोगों को नहलाकर साफ करने का काम निष्ठावानों को करना पड़ रहा है। पार्टी तोड़ना, चिह्न चुराना और श्रेय लूटना यही उनका काम बचा है। ‘राष्ट्र प्रथम’ वाली भाजपा मर चुकी है। अब उनका नारा है। भ्रष्टाचार, गुंडे और बलात्कारी प्रथम। हिंदुत्व के मुद्दे पर उद्धव ठाकरे ने कहा कि बदलापुर के यौन शोषण मामले में आरोपी तुषार आपटे को भाजपा ने मनोनीत नगरसेवक बना दिया। पालघर साधु हत्याकांड के आरोपी को भाजपा में शामिल किया गया। क्या यही आपका हिंदुत्व है? ऐसा तीखा सवाल उन्होंने उठाया। उन्होंने कहा कि भाजपा अपनी ताकत पर पेट नहीं भर पा रही है इसलिए सबकी थालियों में हाथ डालना पड़ रहा है। इतना खाने के बाद भी उनकी भूख खत्म नहीं होती।
विकास पर बोलने की चुनौती
उद्धव ठाकरे ने कहा कि एमआईडीसी, स्कूल, सड़कें और कचरा ये सभी विकास के मुद्दे अंबादास दानवे ने रखे हैं। विकास पर बोलने की चुनौती देने वाले ‘मेवाभाऊ’ अब अंबादास को भुगतान करें। तमाम जगह विकास के होर्डिंग लगाने वाले देवेंद्र फडणवीस पर हमला बोलते हुए उद्धव ठाकरे ने उन्हें ‘मेवाभाऊ’ कहकर संबोधित किया। कोई काम नहीं किया है और ये मेवाभाऊ विकास की होर्डिंग लगा रहे हैं। यही इनकी विनाश की रफ्तार है।
केस चल रहा है और आप भी
देवेंद्र फडणवीस ने अजीत पवार पर ७० हजार करोड़ के घोटाले का आरोप लगाया था। ढेरों सबूत लेकर घूम रहे थे, जांच बैठाई थी। आज उन्हीं को उप मुख्यमंत्री बना दिया। अब उन सबूतों का क्या करेंगे, जला देंगे? उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब आरोप पूछो तो कहते हैं केस चल रहा है। केस छोड़िए, आप खुद ही चल रहे हैं। ऐसा करारा तंज उद्धव ठाकरे ने कसा।

अन्य समाचार