मुख्यपृष्ठस्तंभमुस्लिम वर्ल्ड : दंगा करने वालों को मिलेगी सजा ए मौत'... ईरान...

मुस्लिम वर्ल्ड : दंगा करने वालों को मिलेगी सजा ए मौत’… ईरान में प्रदर्शनकारियों के लिए आखिरी चेतावनी

सूफी खान

ईरान में गुरुवार और शुक्रवार को हुए हिंसक प्रदर्शनों के बाद वहां की सरकार ने प्रदर्शनकारियों पर एक्शन की तैयारी कर ली है। ईरान में इंटरनेट बंद है और फ्लाइट वैंâसिल कर दी गई हैं।
ईरान ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ अपनी धमकियां और तेज कर दी हैं। देश के एटॉर्नी जनरल मोहम्मद मोवाहेदी आजाद ने साफ चेतावनी दी है कि प्रदर्शन में हिस्सा लेने वाले किसी भी व्यक्ति को ‘अल्लाह का दुश्मन’ माना जाएगा और ईरान के कानून में इसकी सजा सिर्फ और सिर्फ मौत है।
यह धमकी सरकारी टेलीविजन पर प्रसारित की गई है। पिछले दो हफ्तों से ईरान सुलग रहा है। इंटरनेट और टेलीफोन सेवाएं ठप्प हैं, जिससे देश का संपर्क बाकी दुनिया से लगभग कट चुका है। अयातुल्ला अली खामेनेई ने साफ संकेत दिया है कि अब दमनकारी कार्रवाई और तेज होगी।
इस बीच, अमेरिका और ईरान के बीच जुबानी जंग भी छिड़ गई है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने प्रदर्शनकारियों का समर्थन किया है। वहीं, अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने ईरान को सीधी चेतावनी देते हुए कहा है कि राष्ट्रपति ट्रंप के साथ खेल मत खेलिए, जब वो कुछ कहते हैं, तो कर गुजरते हैं।
ईरान में पाबंदियों के कारण सही जानकारी बाहर नहीं आ रही, लेकिन अमेरिका स्थित ‘ह्यूमन राइट्स एक्टिविस्ट्स’ के मुताबिक, अब तक कम से कम ६५ प्रदर्शनकारियों की मौत हो चुकी है और २,३०० से ज्यादा लोगों को जेल में ठूंस दिया गया है।
ईरान की फॉरेन मिनिस्ट्री ने अपने बयान में साफ-साफ कहा कि अमेरिका कोई ईरान की जनता से हमदर्दी में ये बात नहीं कह रहा है  बल्कि ये ईरान के आंतरिक मामलों में अधिकतम दबाव, धमकियों और हस्तक्षेप की उनकी नीति का हिस्सा हैं, जिनका मकसद हिंसा तथा आतंकवाद को उकसाना और ईरान में फित्ना और बर्बादी पैदा करना है।
ईरान के हालात पर बोलते हुए वहां की फॉरेन मिनिस्ट्री ने साफ किया कि ईरान के संविधान में निहित सिद्धांतों के अनुरूप इस्लामी रिपब्लिक शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शनों को स्वीकार करता है और कानून के दायरे में जनता की वैध मांगों को पूरा करने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेगा। फाइनेंशियल दिक्कत और महंगाई को काबू में करने के लिए काम शुरु हो गया है।
वहीं ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई ने राष्ट्रपति ट्रंप की चेतावनी को दरकिनार करते हुए कहा कि अमेरिका के हाथ ईरानियों के खून से सने हैं। वहां का सरकारी मीडिया अब प्रदर्शनकारियों को आतंकवादी बता रहा है। ईरान में जिस तरह से प्रदर्शनकारियों को ‘आतंकवादी’ और ‘अल्लाह का दुश्मन’ बताया जा रहा है, उससे आशंका बढ़ गई है कि आने वाले दिनों में वहां बड़ा खून-खराबा हो सकता है।

अन्य समाचार