-सब इंस्पेक्टर बनने के बाद बदले पत्नी के तेवर
-जिसने पढ़ाया-लिखाया उसी से मांगा तलाक
-भोपाल की घटना ने सभी को चौंकाया
भोपाल के फैमिली कोर्ट में एक ऐसा अनोखा मामला सामने आया है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया। मामला एक ऐसे पति-पत्नी का है, जिसमें पति ने दिन-रात मेहनत कर पत्नी को उसके सपनों की नौकरी दिलाने में मदद की। पति पेशे से पंडित हैं और पूजा-पाठ के जरिए घर चलाते हैं। उन्होंने अपनी कमाई का बड़ा हिस्सा पत्नी की पढ़ाई और पुलिस सब-इंस्पेक्टर बनने की तैयारी में लगाया। उनकी पत्नी का सपना पुलिस विभाग में नौकरी करना था और शादी के समय उसने इस इच्छा का खुलासा किया था। पति ने यह संकल्प लिया कि वह अपनी पत्नी को वर्दी में देखेगा और उसकी मदद करेगा।
कई साल की मेहनत और तैयारी के बाद पत्नी सफल हुई और वह सब-इंस्पेक्टर बन गई। लेकिन नौकरी मिलने के बाद पत्नी का नजरिया बदल गया। अब उसे पति का धोती-कुर्ता पहनना और सिर पर शिखा (चोटी) रखना अच्छा नहीं लग रहा था। पत्नी का कहना था कि उसके पति का यह लुक और पारंपरिक पंडिताई के काम समाज में उसे शर्मिंदा करते हैं। उसने पति से कई बार अनुरोध किया कि वह अपनी पंडिताई छोड़ दें और हुलिया बदल लें, लेकिन पति ने ऐसा करने से साफ इनकार कर दिया।
पति की मेहनत और समर्पण के बावजूद पत्नी ने तलाक की अर्जी दे दी। पत्नी का कहना है कि अब वह इस रिश्ते को आगे नहीं बढ़ा सकती और पति की पंडिताई के चलते परेशान है। उसने कोर्ट में तलाक की वजह स्पष्ट करते हुए कहा कि उसके पति का पहनावा और जीवनशैली उसे पसंद नहीं है।
कोर्ट में काउंसलिंग भी रही नाकाम
मामले में कोर्ट ने पति-पत्नी के बीच सुलह कराने के लिए कई बार काउंसलिंग की, लेकिन यह प्रयास सफल नहीं रहा। पत्नी अपनी जिद पर अड़ी हुई है और कह रही है कि वह अब इस रिश्ते को जारी नहीं रख सकती। फिलहाल मामला पैâमिली कोर्ट में विचाराधीन है और न्यायालय इस पर पैâसला सुनाने से पहले सभी पहलुओं का अध्ययन कर रहा है।
यह मामला न केवल पति-पत्नी के बीच रिश्तों की नाजुकता को दिखाता है, बल्कि समाज में पारंपरिक जीवनशैली और आधुनिक पेशेवर अपेक्षाओं के टकराव की झलक भी पेश करता है। इसमें यह सवाल भी उठता है कि क्या किसी की पेशेवर सफलता रिश्ते में व्यक्तिगत प्राथमिकताओं और पारिवारिक मान्यताओं के बीच संतुलन बनाए रख सकती है। पति ने अपनी पत्नी को उसकी मेहनत और सपनों की पूर्ति में हर संभव मदद दी, लेकिन इसके बावजूद भी पत्नी ने व्यक्तिगत पसंद-नापसंद के आधार पर तलाक का निर्णय लिया। यह मामला सामाजिक और पारिवारिक दृष्टिकोण से गंभीर है और अदालत द्वारा लिए जाने वाले निर्णय का काफी महत्व है, क्योंकि यह समानांतर जीवनशैली और व्यक्तिगत स्वतंत्रता के मुद्दों को भी उजागर करता है।
