मुख्यपृष्ठनए समाचारफडणवीस को मिला नया सदमा... पुलिस कांस्टेबल ने किया डांस बार में...

फडणवीस को मिला नया सदमा… पुलिस कांस्टेबल ने किया डांस बार में ‘छम्मा छम्मा’!

-बारबाला पर बरसा रहा था पैसे, हुआ सस्पेंड

सामना संवाददाता / मुंबई

फडणवीस की पुलिस का स्तर दिनों-दिन गिरता ही जा रहा है। कहीं भ्रष्टाचार में तो कहीं रिश्वतखोरी में। देशभर में अव्वल नंबर रहने वाली पुलिस का एक नया रूप सामने आया है। कांस्टेबल की करतूत से पूरा पुलिस महकमा बदनाम हो गया है। मौज-मस्ती के चक्कर में कांस्टेबल ने एक बीयर बार में नशे में धुत होकर जमकर डांस किया। इतना ही नहीं, एक बारबाला के इर्द-गिर्द ठुमके लगाकर उस पर पैसों की बारिश कर दी। इत्तेफाक ऐसा हुआ कि बार में किसी शख्स ने झूम-झूमकर पैसे लुटाने वाले कांस्टेबल का वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पुलिस के आला अफसरों तक वीडियो पंहुचा तो कांस्टेबल को सस्पेंड कर दिया गया। खास बात यह है कि यह पुलिस कांस्टेबल ह्यूमन ट्रैफिकिंग प्रिवेंशन सेल में कार्यरत था।
मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिस महकमे में उस वक्त हलचल मच गई, जब एंटी-ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल में कार्यरत पुलिस कांस्टेबल अनिल सुखदेव मंडोल का कोपरखैरने के नटराज लेडीज बार में बारबाला के साथ नाचते हुए और उस पर नोटों की बौछार करते हुए एक वीडियो वायरल हो गया। इस वीडियो में वह शराब पीते और नाचती हुई बार बालाओं पर पैसे उड़ाते हुए दिख रहे हैं। इस घटना के बाद मंडोल को सर्विस से सस्पेंड कर दिया गया है। पुलिस उपायुक्त ने ९ जनवरी, २०२६ को सस्पेंशन ऑर्डर जारी करते हुए कहा कि खाकी वर्दी वाले का ऐसी जगह पर मौजूद होना ठीक नहीं है, जबकि उस पर गलत कामों को रोकने की जिम्मेदारी है। इस मामले ने एक बार फिर पुलिस के अनुशासन, कर्तव्य और योग्यता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बता दें कि पिछले हफ्ते ताड़ देव पुलिस ने एक पुलिसकर्मी को मंद बुद्धि लड़की के साथ अश्लील हरकत करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। आश्चर्य की बात यह है कि पुलिसकर्मी ने शर्मनाक हरकत वर्दी में की थी।

अन्य समाचार