मुख्यपृष्ठनए समाचारमहायुति के झूठे वादों में न फंसें... मुद्दा मुंबईकरों का है!.. आदित्य...

महायुति के झूठे वादों में न फंसें… मुद्दा मुंबईकरों का है!.. आदित्य ठाकरे का जोरदार हमला

सामना संवाददाता / मुंबई

दादर स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज मैदान शिवसेना-मनसे की संयुक्त सभा को संबोधित करते हुए शिवसेना नेता व युवासेनाप्रमुख आदित्य ठाकरे ने आह्वान किया कि मुंबईकर, महायुति के झूठे वादों में न फंसे। इसके साथ ही उन्होंने भाजपा सहित महायुति के झूठे प्रचार का पर्दाफाश किया। उन्होंने कहा कि इस चुनाव का मुद्दा सिर्फ गटर जैसे मुद्दों का नहीं, बल्कि मुंबईकरों का है।
इस सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने एक तरफ जहां महायुति के भ्रष्टाचार की पोल खोली, वहीं मुंबईकरों के लिए शिवसेना के वादे को दोहराया। उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रचार को देखें तो हमारे और उनके बीच का अंतर साफ दिखाई देता है। हमारे होर्डिंग्स पर हमारे द्वारा किए गए कार्य दिखाए गए हैं। २००२, २००७, २०१२, २०१७ और अब भी हमने जो काम किए हैं, उन्हीं के आधार पर हम यह चुनाव लड़ रहे हैं। मुंबई में हम क्या करने वाले हैं, उसी पर हम बात कर रहे हैं। लेकिन भाजपा के होर्डिंग्स पर सिर्फ दो चेहरे दिखाई देते हैं। चाहे वे प्रधानमंत्री हों या मुख्यमंत्री, उन दो चेहरों का मुंबई के लिए क्या योगदान है, शून्य। गिफ्ट सिटी को मुंबई से गुजरात किसने भगाया, उद्योग-धंधों को मुंबई से किसने बाहर ले जाने का काम किया, यही तो उनका योगदान है, है न? आम आदमी के लिए सस्ती और सुलभ बेस्ट का निजीकरण कर उसे किसने खत्म किया, यह भी उनका योगदान है। उन्होंने सवाल किया कि क्या ऐसे लोगों को आप उन्हें वोट देंगे, यह सवाल आपके सामने है। आप सही निर्णय ले सकते हैं।
१५ को तय होगा मुंबई का भविष्य
१५ तारीख को आप जो निर्णय लेंगे, वह मुंबई के भविष्य के लिए होगा, २९ शहरों का होगा और महाराष्ट्र का होगा। आदित्य ठाकरे ने कहा कि शिवतीर्थ पर भारी भीड़ उमड़ी है। कोई कितना भी प्रचार कर ले, फिर भी यह क्षण मुंबई और महाराष्ट्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह चुनाव मुंबईकरों के लिए, महाराष्ट्र अस्मिता के लिए, मुंबई और महाराष्ट्र के लिए है।

बांग्लादेशियों को निकालना आपके हाथ में था!…आदित्य ठाकरे का फडणवीस पर हमला

शिवतीर्थ पर संयुक्त सभा में शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे और मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे के भाषणों से पहले युवासेनाप्रमुख व विधायक आदित्य ठाकरे ने महायुति पर तीखे हमले किए। उन्होंने बांग्लादेशियों को निकाले जाने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर जोरदार हमला भी किया।
आदित्य ठाकरे ने कहा, ‘कुछ दिन पहले मेरा एक वीडियो वायरल हो गया। आज लोग मुझसे पूछ रहे थे कि क्या मैं फिर उनकी तरह बोलूंगा। अगर नहीं बोला तो शायद कोई दिक्कत हो जाएगी। लेकिन चलो कोशिश करते हैं। क्योंकि मेरी आवाज चारों तरफ घूमेगी आपके व्हॉट्सऐप पर।’ आदित्य ठाकरे ने फडणवीस की नकल करते हुए कहा, ‘वे सिर्फ एक ही मुद्दा उठाते हैं। वे जहां भी जाते हैं। हम मुंबई में सत्ता में आएंगे। और सत्ता में आने के बाद, अध्यक्ष महोदय, मोदी साहेब, हम बांग्लादेशियों को यहां से निकाल देंगे, यह जलवा है मेरा, मैं आऊंगा।’
आदित्य ठाकरे ने फडणवीस पर तंज कसते हुए सवाल किया, ‘ये सब क्या चल रहा है? मुख्यमंत्री महोदय, ये सब क्यों? मत भूलिए कि आप इस राज्य के सात साल तक मुख्यमंत्री रहे हैं। आप इस महाराष्ट्र के गृह मंत्री भी हैं। पिछले १२ वर्षों में से १० वर्ष गृह विभाग आपके पास रहा है। इन सभी बांग्लादेशियों की पहचान करके उन्हें निकालना आपके हाथ में था, ये दस साल आपके हाथ में थे, यह जिम्मेदारी आपके हाथ में थी। अगर आपने वहां कोई गलती की है तो आकर हमें सीधे-सीधे बता दीजिए। हमसे गलती हुई है। हमें अभी तक कोई बांग्लादेशी नहीं मिला है और यह चुनाव उनके बारे में नहीं है।

अन्य समाचार