फिरोज खान
अब डिजिटल प्यार डेंजरस बनता जा रहा है। खासकर, नाबालिग बच्चियां नासमझी में डिजिटल प्यार के झांसे में फंस रही हैं, जिसका नतीजा खौफनाक आ रहा है। छोटी उम्र में एक छोटी सी भूल की वजह से इज्जत, आबरू और जिंदगी यानी सब कुछ बर्बाद हो जा रहा है। पालघर में रहनेवाली १६ साल की लड़की डिजिटल प्यार के चक्कर में इस कदर एक युवक के चंगुल में फंसी कि शारीरिक, मानसिक के साथ ही महीनों बलात्कार और ब्लैक मेलिंग का शिकार होती रही। अपना सब कुछ गवां चुकी बच्ची की जिंदगी में अब दुख और दर्द के सिवा कुछ बचा ही नहीं।
इस दर्दनाक कहानी की शुरुआत फरवरी, २०२५ से शुरू हुई। सोशल मीडिया के जरिए लड़की एक युवक के संपर्क में आई। चैटिंग का सिलसिला शुरू होते ही तस्वीरों का आदान-प्रदान होने लगा। बात इस कदर आगे बढ़ी कि लड़की युवक को अपना दिल दे बैठी। नादान लड़की डिजिटल प्यार के खौफनाक अंजाम से बेखबर थी और धोखेबाज युवक की चिकनी-चुपड़ी बातों में आकर वो उसकी इस कदर दीवानी हुई कि उसने घर से भागने का पैâसला कर लिया। एक दिन घर से निकलकर लड़की अपने प्रेमी के पास पहुंच गई। युवक लड़की को लेकर मध्य प्रदेश पहुंचा और एक मकान में रखकर उसके साथ रेप करना शुरू किया। इस बीच युवक ने उसकी नग्नावस्था में आपत्तिजनक वीडियो और तस्वीरें बनाईं। अपने साथ हो रहे जुल्म का जब लड़की ने विरोध किया तो उसे पीटने के साथ ही युवक उसके आपत्तिजनक वीडियो को वायरल करने की धमकी देते हुए उसे ब्लैकमेल करने लगा। अत्याचार का यह मामला सात महीनों तक चला। अब लड़की वहां से भागने की फिराक में थी, लेकिन उसे मौका नहीं मिल पा रहा था। एक दिन आरोपी ने खूब शराब पी। नशे की हालत में उसने लड़की के साथ शारीरिक संबंध बनाया और कुछ देर बाद अपने होश खो बैठा। मौका देख लड़की देर रात वहां से भाग निकली। रात का समय होने के नाते चारों तरफ सन्नाटा था। कुछ दूर जाने के बाद एक गार्डन में वो एक पेड़ के पीछे छिपकर सुबह का इंतजार करने लगी। सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकली एक अधेड़ उम्र की महिला को आपबीती सुनाते हुए लड़की ने मदद मांगी। महिला ने उसे रेलवे स्टेशन पहुंचाया और मुंबई तक टिकट कटवाकर ट्रेन में बैठा दिया। १२ घंटे का सफर तय कर लड़की पालघर स्थित अपने घर पहुंची।
