मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ
हरदोई में पुलिस अभिरक्षा में मौजूद 35 वर्षीय महिला सोनी को उसके पति अनूप ने दिनदहाड़े गोली मार के हत्या दिया। गंभीर हालत में महिला को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रामापुर अटरिया गांव का रहने वाला अनूप और उसकी पत्नी सोनी गुरुग्राम में काम करते थे। वहां सोनी की मुलाकात सुरजीत नामक युवक से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गये। अनूप को जब इसकी भनक लगी तो वह पत्नी को गांव छोड़ आया, लेकिन सोनी 7 जनवरी को सुरजीत के साथ घर से निकल गई। अनूप ने इस मामले में सुरजीत के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। अनूप ने आरोप लगाया था कि सोनी अपने साथ जेवर और 35 हजार रुपए नगद ले गई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सोनी को रविवार को बरामद किया था। सोमवार सुबह उसे कोर्ट में पेश करने की तैयारी चल रही थी।सुबह करीब 10.45 बजे एक महिला कांस्टेबल सोनी को थाने की कैंटीन की ओर ले जा रही थी। वहां सोनी के परिजन और पति अनूप उसे घर ले जाने के लिए समझाने आए थे।
इसी बीच मौका पाते ही अनूप ने अपना आपा खो दिया और पीछे से सोनी पर अवैध तमंचे से फायर कर दिया। गोली चलते ही थाना परिसर में सोनी लहूलुहान होकर गिर पड़ी। पुलिस ने भागने की कोशिश कर रहे अनूप और उसके एक साथी को घेराबंदी कर मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया। बताते हैं इस मामले में पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। मामले में हिला हवाली से नाराज पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने जांच अधिकारी विक्रांत चौधरी और महिला कांस्टेबल संजना राजपूत को सस्पेंड कर दिया है। इस खौफनाक वारदात ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया है।मृतका सोनी का एक 13 साल का बेटा है, जिसके सिर से मां का साया उठ गया और पिता अब सलाखों के पीछे है। इस मामले की विभागीय जांच एडिशनल एसपी (पश्चिम) को सौंपी गई है।
