सामना संवाददाता / मुंबई
बालासाहेब का पुण्य बहुत बड़ा है। उनके देवघर से जो तीर किसी ने चुराया है, वे अमित शाह हों या ये मिंधे, दोनों ही राजनीति में टिक नहीं पाएंगे। ठाणे की धरती से गद्दारी पर वार करते हुए शिवसेना नेता और सांसद संजय राऊत ने भाजपा और शिंदे गुट के खिलाफ तीखा और बेबाक हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा को सत्ता का घमंड और नशा चढ़ चुका है और उस नशे को उतारने की राजनीतिक ताकत केवल उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे के पास है।
संजय राऊत ने ठाणे की इस सियासी जंग को निष्ठावान बनाम बेईमान की निर्णायक लड़ाई करार देते हुए कहा कि यह संघर्ष केवल सत्ता के लिए नहीं, बल्कि बालासाहेब की विचारधारा, मराठी अस्मिता और महाराष्ट्र की आत्मा की रक्षा के लिए है। उन्होंने चेतावनी दी कि ठाणे की धरती गद्दारी को कभी स्वीकार नहीं करती और जो लोग बालासाहेब के नाम पर विश्वासघात कर रहे हैं, उन्हें जनता राजनीति से बाहर का रास्ता दिखाएगी। उन्होंने कहा कि ठाणे में बालासाहेब ने निष्ठा का जो बीज बोया था, वह आज मुझे जस का तस दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि ठाणे का एक अलग ही महत्व है। मुंबई से पहले अगर किसी ने बालासाहेब को सत्ता दी तो वह ठाणे ने दी।
ठाणेकरों पर ठाकरे बंधुओं का भगवा फहराने की जिम्मेदारी
ठाणेकरों पर बहुत बड़ी जिम्मेदारी है और महाराष्ट्र को यह दिखाना होगा कि लोकसभा और विधानसभा चुनावों में किस तरह घोटाले करके जीत हासिल की गई। अब ठाणे महानगरपालिका पर ठाकरे बंधुओं का भगवा फहराने की जिम्मेदारी ठाणेकरों पर है।
