सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई में १५ जनवरी २०२६ को होने वाले मनपा चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है। सभी उम्मीदवार जोर-शोर से प्रचार में जुटे हैं। इसी बीच ‘द ह्यूमन योग फाउंडेशन’ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं अंतर्राष्ट्रीय गोल्ड मेडलिस्ट योग गुरु राधेश्याम ने १५ जनवरी से सभी वर्गों के लोगों के लिए नि:शुल्क योग शिविर का आयोजन किया है। योग गुरु राधेश्याम ने मुंबई की जनता से १५ जनवरी को होने वाले मनपा चुनाव में अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील भी की है।
योग गुरु राधेश्याम ने कहा कि मतदान का अधिकार हमें भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर ने कठिन संघर्ष के बाद दिलाया है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को अपने कीमती वोट का प्रयोग सोच-समझकर करना चाहिए और योग्य, कर्मठ व जनसेवा के प्रति समर्पित प्रत्याशी को चुनना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि योग गुरु राधेश्याम द्वारा वर्ली स्थित शंकराचार्य गार्डन में १५ जनवरी से प्रतिदिन सुबह ७ बजे से ८ बजे तक नि:शुल्क योग शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर में टैक्सी चालक, टेंपो चालक एवं वाहन चालकों के लिए भी योग पूरी तरह नि:शुल्क रखा गया है। कोई भी नागरिक गार्डन में आकर योग गुरु राधेश्याम के साथ मुफ्त में योगाभ्यास कर सकता है।
बता दें कि ‘द ह्यूमन योग फाउंडेशन’ पिछले कई वर्षों से महाराष्ट्र पुलिस विभाग, परिमंडल-३ के अधिकारियों को निस्वार्थ भाव से योग सिखा रहा है। नेहरू युवा केंद्र के अंतर्गत द ह्यूमन योग फाउंडेशन, वर्ली पिछले १० वर्षों से योग शिविर का आयोजन करता आ रहा है। योग गुरु राधेश्याम अपनी पूरी कमाई का लगभग ९० प्रतिशत हिस्सा संस्था में लगाते हैं।
उल्लेखनीय है कि अब तक संस्था को किसी प्रकार का डोनेशन नहीं मिला है। पुलिस विभाग, नेहरू युवा केंद्र तथा बुध विहार, गौतम बुद्ध गार्डन जैसे स्थलों पर बड़ी संख्या में लोग योग के लिए आते हैं और संस्था से जुड़े हुए हैं। इसके बावजूद सरकार द्वारा संस्था को आवश्यक आर्थिक सहयोग नहीं मिल पाया है। नि:शुल्क योग शिविर से जुड़ी जानकारी के लिए ९६१९९ ११३७२ पर संपर्क किया जा सकता है।
