सामना संवाददाता / मुंबई
यदि अब झुक गए तो मुंबई से हाथ धो बैठोगे। मुंबई हमारी है, उसे अपने ही कब्जे में रखो। इस तरह का भावनात्मक आह्वान शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने कल मुंबईकरों से किया। मुंबई मनपा चुनाव में महायुति खुलेआम पैसों का बेहिसाब इस्तेमाल कर रही है, लेकिन जीत शिवसेना-मनसे-राष्ट्रवादी कांग्रेस की शिवशक्ति की ही होगी, ऐसा दृढ़ विश्वास भी उन्होंने जताया। उद्धव ठाकरे ने कल मुंबई एयरपोर्ट परिसर की शिवसेना शाखाओं सहित मुंबई में शिवसेना-मनसे-राष्ट्रवादी कांग्रेस शिवशक्ति युति के कई उम्मीदवारों के चुनाव कार्यालयों को भेंट दी। मतदान और मतगणना के दिन किन बातों का ध्यान रखना चाहिए, इस संबंध में उन्होंने शिवसैनिकों को मार्गदर्शन दिया।
लालच के जाल में मत फंसो
उद्धव ठाकरे ने कहा कि पिछले एक-दो दिनों से पैसों की सचमुच बाढ़ आ गई है। उन्होंने सीधा आरोप लगाया कि मतदाताओं और उम्मीदवारों को खरीदने की कोशिश की जा रही है, लेकिन हम शिवसेना द्वारा किए गए कामों को लेकर मतदाताओं के सामने जा रहे हैं। वहीं महायुति पैसे का लालच देकर हमारे उम्मीदवारों से नाम वापस लेने के लिए दबाव डाल रही है। उद्धव ठाकरे ने आह्वान करते हुए कहा कि दो-पांच हजार रुपयों के लिए लालच में आकर अपना पूरा जीवन मत बेचो।
पैसे बांटने वालों के साथ बिना झिझक जो करना हो, करो!
उद्धव ठाकरे ने तंज कसते हुए कहा कि ‘भाजपा और शिंदे गुट के पास बताने लायक कुछ नहीं है, लेकिन बांटने लायक बहुत कुछ है। अब उन्हें पैसे बांटते समय भी हार का डर सता रहा है’। इसी के साथ ही उन्होंने शिवसैनिकों को आदेश देते हुए कहा कि आज या कल अगर कोई पैसे बांटते हुए दिखाई दे तो बिना किसी हिचकिचाहट के जो करना हो, करो। संबंधित व्यक्ति को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दो।
हराने के लिए जीत जरूरी!
छत्रपति शिवाजी महाराज और डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर ने हमें जीने का तरीका सिखाया, लेकिन शिवाजी महाराज की ढकी हुई प्रतिमा देखकर साफ समझ आता है कि हम यह चुनाव किसके खिलाफ लड़ रहे हैं। इन शब्दों में शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने भाजपा-महायुति पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज हमारे आराध्य देवता की मूर्तियों को ढका जा रहा है। हमारी अस्मिता को कुचलने की कोशिश हो रही है। मातृभाषा मराठी पर हमला हो रहा है। उन्होंने आह्वान किया कि इस गद्दार मानसिकता को हराने के लिए शिवशक्ति युति के उम्मीदवारों की जीत जरूरी है।
मुंबई बचाने के लिए पूरा ठाकरे परिवार प्रचार में
मनपा चुनाव प्रचार का कल आखिरी दिन था। उद्धव ठाकरे के साथ सौ. रश्मि ठाकरे, शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख व विधायक आदित्य ठाकरे, तेजस ठाकरे, मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे की पत्नी शर्मिला ठाकरे, मनसे नेता अमित ठाकरे समेत पूरा ठाकरे परिवार कल शिवसेना-मनसे-राष्ट्रवादी कांग्रेस शिवशक्ति युति के उम्मीदवारों के प्रचार में उतरा। उद्धव ठाकरे ने प्रभाग क्रमांक ७५ के उम्मीदवार प्रमोद वसंत शिंदे और प्रभाग क्रमांक १५८ की उम्मीदवार चित्रा सोमनाथ सांगले के चुनाव कार्यालयों को भेंट दी। उस समय तेजस ठाकरे, शिवसेना सचिव व विधायक मिलिंद नार्वेकर, विभाग प्रमुख सोमनाथ सांगले और अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। आदित्य ठाकरे ने वर्ली, प्रभादेवी और माहिम क्षेत्रों में प्रचार रैलियों में हिस्सा लिया। वहीं अमित ठाकरे और शर्मिला ठाकरे ने ना. म. जोशी मार्ग और आर्थर रोड क्षेत्र की प्रचार रैलियों में भाग लिया।
