सामना संवाददाता / मुंबई
मनपा चुनाव प्रचार के अंतिम दिन शिवसेना, मनसे और राष्ट्रवादी ने जोरदार प्रचार किया। शिवसेना नेता व युवासेनाप्रमुख आदित्य ठाकरे और मनसे नेता अमित ठाकरे ने लालबाग, भायखला, वर्ली और शिवड़ी में रोड शो के साथ ही बाइक रैली के माध्यम से मतदाताओं से संवाद साधा। इन रोड शो और बाइक रैलियों से यह स्पष्ट हुआ कि मतदाताओं का समर्थन शिवसेना-मनसे-राष्ट्रवादी युति के साथ ही है।
भायखला में शिवसेना-मनसे-राष्ट्रवादी युति की ओर से शिवसेना के प्रभाग क्रमांक २१० की उम्मीदवार सोनम जामसुतकर के प्रचार में आदित्य और अमित ठाकरे ने हिस्सा लिया। प्रचार की शुरुआत से पहले आदित्य ठाकरे और अमित ठाकरे ने हुतात्मा स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद आदित्य ठाकरे ने कहा कि भायखला मराठी माणुस की एकजुटता का मजबूत किला है। यही एकजुटता मुंबई की रक्षा के लिए ताकत देगी। वर्ली में युति की उम्मीदवार शिवसेना की हेमांगी वरलीकर के प्रचारार्थ उन्होंने प्रभाग का दौरा किया। प्रचार के दौरान उन्हें मतदाताओं ने जबरदस्त समर्थन दिया।
अन्नामलाई के मन में जहर
प्रचार के दौरान आदित्य ठाकरे ने भाजपा और शिंदे गुट की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि हमने जो काम करके दिखाए हैं और जो आगे भी करने वाले हैं, वही हम जनता के सामने रखते हैं। जनता हमारे साथ है। अन्नामलाई के मन में मराठी के प्रति जहर भरा हुआ है। आदित्य ठाकरे ने कहा कि भाजपा पर भी अब जनता का भरोसा नहीं रहा। इसलिए जनता हमारे साथ खड़ी है।
जनता को ठगने का धंधा
आदित्य ठाकरे ने कहा कि केवल वोटों के लिए सत्ताधारी दल मतदाताओं को झूठे वादे कर रहे हैं। सरकार चाहे जितनी कोशिश कर ले, आप उनके झूठे आश्वासनों के झांसे में न आएं। उन्होंने कहा कि सत्ता के लिए ये लोग एमआईएम और कांग्रेस के साथ गए। आदित्य ठाकरे ने यह भी आरोप लगाया कि ‘संघ-मुक्त भारत’ का नारा देने वाले नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठाया गया।
