संदीप पांडेय / मुंबई
मनपा के वार्ड क्रमांक १६४ में चुनावी तस्वीर अब पूरी तरह साफ होती नजर आ रही है। जमीनी स्तर पर किए गए सर्वेक्षणों से साफ संकेत मिल रहा है कि शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के उम्मीदवार साईनाथ साधू कटके को वार्ड की जनता अपना अगला नगरसेवक बनाने के लिए एकजुट हो चुकी है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, साईनाथ कटके ने पिछले १० वर्षों से अधिक समय से वार्ड १६४ में पानी की समस्या, टूटी सड़कें, गंदगी, स्ट्रीट लाइट की खराब स्थिति, स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी जैसे बुनियादी नागरिक मुद्दों को लेकर हमेशा अपनी आवाज बुलंद की है। चुनावी प्रचार के दौरान साईनाथ कटके ने साफ शब्दों में कहा है कि वार्ड १६४ की पानी की समस्या और नालियों (ड्रेनेज) की बदहाल व्यवस्था को पूरी तरह से सुधारना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में वार्ड क्रमांक १६४ में कोई ठोस जनसेवा कार्य नहीं हुआ। सुंदर बाग, इंदिरा नगर और संजय नगर इलाकों में पानी की विकराल समस्या बनी हुई है। नालियों और शौचालयों का गंदा पानी गलियों में बहता रहता है, जिससे नागरिकों को गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
इस चुनाव में साईनाथ कटके का सबसे बड़ा और चर्चित वादा नशाखोरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई को लेकर है। उन्होंने एलान किया है कि चुनाव जीतने के २४ घंटे के भीतर वार्ड १६४ में नशाखोरों और अवैध नशे के धंधों पर सख्त लगाम लगाई जाएगी। उन्होंने कहा, ‘नशे की वजह से देश की युवा पीढ़ी बर्बाद हो रही है। मैं इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करूंगा। प्रशासन और पुलिस को साथ लेकर वार्ड को नशामुक्त बनाना मेरी प्राथमिकता होगी।’
कटके ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि वे नगरसेवक बनने नहीं, बल्कि जनता का नौकर बनकर उनकी सेवा करने के उद्देश्य से चुनाव लड़ रहे हैं। वार्ड १६४ की जनता भी अब यह मान चुकी है कि इस बार नेतृत्व ऐसे व्यक्ति के हाथों में जाना चाहिए, जो सिर्फ वादे नहीं, बल्कि काम करके दिखाने का जज्बा रखता हो। इसी भरोसे और उम्मीद के साथ वार्ड १६४ की जनता ने इस बार साईनाथ कटके को जिताने का मन बना लिया है और चुनावी माहौल पूरी तरह उनके पक्ष में जाता दिखाई दे रहा।
