अमिताभ श्रीवास्तव
क्या तुम जिंदा हो? दुनिया को चीन ने एक ऐसा ऐप दिया है, जो आपको बचाएगा। यह बहुत दिलचस्प है और मानवता के लिए भी इसे उपयोगी माना जा रहा है। अगर आपका फोन हर दो दिन में आपसे एक सवाल पूछे कि ‘क्या आप जिंदा हैं?’ और अगर आपने जवाब नहीं दिया तो आपके परिवार को अलर्ट चला जाएगा। सुनने में अजीब लगता है, लेकिन चीन में यही ऐप इस वक्त लाखों लोग डाउनलोड कर रहे हैं। यह ऐप अनोखे फीचर की वजह से वायरल भी हो रहा है। इस ऐप का नाम है, ‘आर यू डेड?’ इसका काम बेहद सीधा है। यूजर को हर ४८ घंटे में एक बटन टैप कर के बताना होता है कि वह ठीक है। अगर लगातार दो बार चेक-इन नहीं हुआ, तो ऐप अपने-आप आपके चुने हुए इमरजेंसी कॉन्टैक्ट को मैसेज भेज देता है कि शायद कुछ गलत हुआ है। यह ऐप खासतौर पर अकेले रहने वालों के लिए बना है। बड़े शहरों में काम करनेवाले युवा, परिवार से दूर रहनेवाले प्रोफेशनल्स या वो बुजुर्ग जिनके बच्चे दूसरे शहरों में बस चुके हैं। टेक्नोलॉजी यहां सुविधा नहीं, बल्कि सुरक्षा की छोटी गारंटी बनकर सामने आई है। यह ऐप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। ऐप का इंटरफेस बेहद सिंपल है। कोई चैट, कोई सोशल फीचर, कोई लंबा प्रोफाइल नहीं। बस एक बड़ा बटन। ‘आई एम अलाईव’ टेक एक्सपर्ट्स मानते हैं कि यही सादगी इसकी ताकत है।
बैन, बवाल, बायकॉट
बांग्लादेश में इस समय बैन, बवाल, बायकॉट का मामला चरम पर है। एकतरफ पूरा देश वहां के अल्पसंख्यक यानी हिंदुओं पर अत्याचार कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ जब भारत ने उसके क्रिकेटर को आईपीएल से निकाल बाहर किया तो वो बवाल मचाने लगा है। मुस्तफिजुर रहमान के आईपीएल से बाहर होने से शुरू हुआ विवाद अब टी-२० वर्ल्ड कप-२०२६ में भारत के बहिष्कार तक पहुंच चुका है। यह मामला सिर्फ क्रिकेट नहीं, बल्कि राजनीति, सुरक्षा और कूटनीति से भी जुड़ चुका है। अंतिम पैâसला आईसीसी को लेना है। लेकिन इसको लेकर भारत-बांग्लादेश में तनाव चरम पर है। इस विवाद की कहानी शुरू होती है १६ दिसंबर से, जब अबु धाबी में आईपीएल-२०२६ के लिए नीलामी हुई। कोलकाता नाइट राइडर्स ने बांग्लादेश के तेज गेंदबाज रहमान पर ९.२० करोड़ की बोली लगाई थी। मगर बाद में उसे निकाल दिया गया। दादागीरी पर उतरे बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने वर्ल्डकप के मैच श्रीलंका में कराए जाने की बात कही। वह मना कर दिया गया। इससे बिलखकर उसने आईपीएल सीजन के प्रसारण पर प्रतिबंध लगा दिया। यह पैâसला भारत-बांग्लादेश क्रिकेट संबंधों में तनाव का खुला संकेत माना गया। ७ फरवरी से ८ मार्च तक टी-२० वर्ल्ड कप का आयोजन होगा। बांग्लादेश को अपने ४ लीग मैच भारत में ही खेलने हैं। इनमें से ३ मैच कोलकाता में होने हैं, जबकि एक मैच मुंबई में खेला जाना है। आईसीसी ने बांग्लादेश की दादागीरी और गीदड़ भभकी पर कोई ध्यान नहीं दिया है। लिहाजा, वो अपनी फजीहत कराने पर तुला हुआ है।
