भारत और न्यूजीलैंड के बीच कल राजकोट में खेले गए वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करनेवाली टीम इंडिया को लेकर पैंâस के बीच उत्सुकता थी कि आज विराट कोहली कौन सा रिकॉर्ड तोड़ेंगे? खैर, वनडे क्रिकेट में लगातार सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ रहे विराट ने पहले रन के तौर पर जैसे ही अपने बल्ले से चौका लगाया विराट ने सचिन का रिकॉर्ड तोड़ते हुए एक और रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। एक रन बनाने के साथ ही सचिन को पीछे छोड़ विराट न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा वनडे रन बनानेवाले क्रिकेटर बन गए हैं। सचिन ने न्यूजीलैंड के खिलाफ ४२ वनडे मैच में १,७५० रन बनाए थे। विराट को इस सीरीज के शुरू होने से पहले सचिन की बराबरी करने के लिए ९३ रन की जरूरत थी। विराट कोहली ने वडोदरा में खेले गए पहले वनडे मैच में ९३ रन की पारी खेलकर सचिन की बराबरी कर ली थी। वडोदरा मैच के बाद विराट कोहली के भी ३४ वनडे मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ कुल १,७५० रन हो गए थे। इसके साथ ही दोनों दिग्गज क्रिकेटर नंबर-१ पायदान पर संयुक्त रूप से बैठ गए थे, लेकिन राजकोट वनडे में पहला रन बनाते ही विराट ने सचिन को दूसरे नंबर पर कर दिया है।
