मुख्यपृष्ठनए समाचारमनपा चुनाव में ‘वोट चोरी’ के संकेत ...डुप्लीकेट वोटर बिगाड़ेंगे गणित!

मनपा चुनाव में ‘वोट चोरी’ के संकेत …डुप्लीकेट वोटर बिगाड़ेंगे गणित!

-मुंबई में ९.६८ लाख दोहरे मतदाता
-सिर्फ ४८ हजार के हलफनामे मिले
सुनील ओसवाल / मुंबई
मुंबई की मतदाता सूची में डुप्लीकेट नामों का आंकड़ा सामने आने के बाद चुनावी व्यवस्था की तैयारी पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। राज्य चुनाव आयोग को मिली जानकारी के अनुसार, मुंबई में ९ लाख ६८ हजार २५० मतदाता डुप्लीकेट पाए गए हैं। हालांकि, इस बड़े आंकड़े के मुकाबले अब तक केवल ४८ हजार मतदाताओं से ही यह हलफनामा लिया गया है कि वे एक ही मतदान केंद्र पर मतदान करेंगे। ऐसे में इस बात की पूरी संभावना है कि मनपा चुनाव में ‘वोट चोरी’ हो सकती है और बड़ी संख्या में मौजूद ये डुप्लीकेट वोटर चुनाव का गणित बिगाड़ सकते हैं।
बता दें कि चुनाव आयोग की प्रारंभिक जांच में मतदाता सूची में करीब ११ लाख २ हजार ५०७ नामों को संदिग्ध के रूप में चिह्नित किया गया था। इसके बाद मुंबई महानगरपालिका के सूचना-प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा विकसित सॉफ्टवेयर से तीन से चार घंटे के भीतर डेटा मिलान किया गया, जिसमें स्पष्ट हुआ कि इनमें से ९.६८ लाख नाम डुप्लीकेट हैं। इसीलिए मतदाताओं की कड़ी जांच के निर्देश दिए गए हैं।

विशेष जांच अभियान
वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, मतदाता सूची में गड़बड़ी का यह मुद्दा सामने आने के बाद प्रशासन ने विशेष जांच अभियान शुरू किया है। मतदान केंद्रों पर पहचान सत्यापन की प्रक्रिया को सख्त किया जाएगा, ताकि एक ही मतदाता द्वारा एक से अधिक बार मतदान की संभावना रोकी जा सके। हालांकि, आंकड़े यह भी बताते हैं कि अभी भी लाखों डुप्लीकेट नाम सूची में मौजूद हैं। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्या केवल मतदान केंद्रों पर जांच से इस समस्या का समाधान हो पाएगा या मतदाता सूची के व्यापक शुद्धिकरण की जरूरत है।

अन्य समाचार