जेदवी / मुंबई
राज्य की २९ मनपाओं में चुनावी सरगर्मी के बीच कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और राज्य चुनाव आयोग पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहे। चुनावी अवधि के दौरान विभिन्न महानगरपालिका क्षेत्रों में पुलिस ने कुल ५०३ मामलों में कार्रवाई की। इनमें ५३ समाजकंटकों को तड़ीपार किया गया, जबकि १४ आरोपियों के खिलाफ मकोका के तहत केस दर्ज किए गए।
बृहन्मुंबई, ठाणे, नई मुंबई, उल्हासनगर, कल्याण, डोंबिवली, भिवंडी, निजामपुर, मीरा-भायंदर, वसई-विरार, पनवेल, नासिक, मालेगांव, अहिल्यानगर, जलगांव, धुले, पुणे, पिंपरी, चिंचवड़, सोलापुर, कोल्हापुर, इचलकरंजी, सांगली, मिरज-कुपवाड, छत्रपति संभाजीनगर, नांदेड-वाघाला, परभणी, जालना, लातूर, अमरावती, अकोला, नागपुर और चंद्रपुर महानगरपालिकाओं में चुनावी गतिविधियां जोरों पर थीं। शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए इन सभी क्षेत्रों में पुलिस की विशेष टीमें तैनात रहीं।
पुलिस के अनुसार, चुनावी माहौल बिगाड़ने की कोशिश करनेवालों के खिलाफ एमपीए की धारा ५५, ५६, ५०, मकोका और एमपीडीए के तहत सख्त कार्रवाई की गई। कई स्थानों पर कानून-व्यवस्था भंग करने के प्रयास सामने आए, जिन्हें समय रहते पुलिस ने नाकाम किया।
पुणे में हुई २८ पर कार्रवाई
आंकड़ों के मुताबिक, पुणे शहर में सबसे अधिक २८ लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जिनमें से ८ को तड़ीपार किया गया। वहीं ठाणे में १७ लोगों पर पुलिस की कार्रवाई हुई।
