सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज की होड़ ने लोगों को खतरनाक हद तक जोखिम उठाने पर मजबूर कर दिया है। ऐसा ही एक डरावना वीडियो इन दिनों इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक कंटेंट क्रिएटर को सांप को चूमने की कोशिश करना भारी पड़ गया। वीडियो में दिखता है कि एक शख्स नदी किनारे जंगल में बैठा है और उसके हाथ में एक जहरीला सांप है। पूरे आत्मविश्वास के साथ वह सांप के बेहद करीब जाकर उसे किस करने की कोशिश करता है। लेकिन अगले ही पल सांप बिजली की तेजी से हमला कर देता है और उसके दांत सीधे शख्स के होंठों में गड़ जाते हैं। दर्द से तड़पता हुआ वह किसी तरह सांप को खुद से अलग करता है। यह दृश्य देखकर लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। वीडियो में नजर आ रहा व्यक्ति इंडोनेशिया का मशहूर कंटेंट क्रिएटर जेजैक सी एडेन है, जो खतरनाक सरीसृपों के साथ स्टंट के लिए जाना जाता है।
