मुख्यपृष्ठनए समाचारन्याय की आस में दर-दर भटक रही बुजुर्ग महिला... `भाजपा विधायक से...

न्याय की आस में दर-दर भटक रही बुजुर्ग महिला… `भाजपा विधायक से हमें बचा लो!’

-पीड़िता का आरोप, गुमराह कर एमएलए ने हड़पी जमीन

-सोशल मीडिया पर भावुक वीडियो किया जारी

उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले में काशीपुर निवासी किसान सुखवंत के जमीन धोखाधड़ी के मामले में कार्रवाई न होने पर गोली मारकर आत्महत्या करने का मामला अभी सुर्खियों में बना ही हुआ है, इस बीच केलाखेड़ा क्षेत्र की एक किसान महिला ने जमीन विवाद में आत्महत्या की चेतावनी दी है। न्याय की आस में भटक रही बुजुर्ग महिला परमजीत कौर (६५) और उनके पुत्र ने सोशल मीडिया पर एक भावुक और चेतावनी भरा वीडियो जारी कर क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है। महिला ने भाजपा विधायक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि इस पूरे मामले में गदरपुर विधायक अरविंद पांडे ने आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा, ‘अगर मैंने किसी को सताया है या किसी की जमीन छीनी है तो सीबीआई से भी बड़ी कोई जांच एजेंसी हो तो उससे जांच कराई जाए।
वीडियो में पीड़ित परिवार ने गदरपुर से भाजपा विधायक अरविंद पांडे और उनके भाई के आवास के सामने सामूहिक आत्मदाह करने की चेतावनी दी है। यह वीडियो १४ जनवरी को बताया जा रहा है। महिला ने वीडियो में आरोप लगाया कि वर्ष २०१९ में विधायक के भाई अमर पांडे ने धोखाधड़ी से उनकी लगभग ढाई एकड़ कृषि भूमि को ३० वर्ष की लीज पर अपने नाम करवा लिया। महिला का कहना है कि सौदा केवल एक एकड़ भूमि का तय हुआ था, लेकिन उन्हें गुमराह कर पूरी जमीन लीज पर करवा ली गई।
पीड़ित परिवार ने दी सामूहिक आत्मदाह की धमकी
पीड़ित परिवार ने चेतावनी दी कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो वे विधायक अरविंद पांडे और उनके भाई के आवास के सामने सामूहिक आत्मदाह कर लेंगे। गौरतलब है कि इसी जमीन विवाद को लेकर महिला जून २०२३ में एसडीएम कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठी थीं।
६ साल से इंसाफ के लिए भटक रहा परिवार
वीडियो में महिला और उनके बेटे ने प्रशासन पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा है कि पिछले छह वर्षों से वे न्याय के लिए भटक रहे हैं, लेकिन राजनीतिक दबाव के चलते उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही। उन्होंने किसान संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं से भी मदद की गुहार लगाई है।

अन्य समाचार