मध्य प्रदेश के भोपाल जिले के बैरसिया में भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार पिकअप वाहन और ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वाहन पलट गया, जिससे मौके पर ही पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे का शिकार हुए सभी लोग विदिशा जिले के सिरोंज क्षेत्र के निवासी थे। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर वे नर्मदा स्नान के लिए सिरोंज से होशंगाबाद की ओर जा रहे थे। श्रद्धालु एक ही पिकअप वाहन में सवार थे। मौके पर पुलिस पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बैरसिया थाना प्रभारी विजेंद्र सेन ने बताया कि हादसे में सिरोंज निवासी मुकेश अहिरवार (४०), बबरी बाई (६०), दीपक (१४), लक्ष्मी बाई (६०) और हरि बाई (६०) की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक ही परिवार के तीन सदस्य शामिल हैं। उन्होंने बताया कि दोनों वाहनों में सवार तीन बच्चों समेत कुल १० लोग घायल हुए। सभी घायलों को इलाज के लिए भोपाल के हमीदिया अस्पताल और अन्य निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
सड़क पर लाइट न होना हादसे का मुख्य कारण
थाना प्रभारी विजेंद्र सेन ने बताया कि सड़क पर लाइट न होना और पिकअप वाहन की तेज रफ्तार हादसे की मुख्य वजह रही। सड़क दो लेन की है, लेकिन लेन का पालन न करना और सामने वाहन को समय पर न देख पाना दुर्घटना को बढ़ावा देने वाले प्रमुख कारण माने जा रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि किसने ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन किया। ट्रैक्टर-ट्रॉली में बैरसिया के रानी खजूरी गांव के लोग सवार थे। पुलिस ने घायलों का इलाज सुनिश्चित किया और राहत एवं बचाव कार्य पूरा किया।
