मुख्यपृष्ठनए समाचारधुलिया नगर निगम चुनाव में भाजपा-शिंदे गुट आमने-सामने!..मतदान केंद्र में घुसपैठ, ईवीएम...

धुलिया नगर निगम चुनाव में भाजपा-शिंदे गुट आमने-सामने!..मतदान केंद्र में घुसपैठ, ईवीएम मशीन में तोड़-फोड़

सुनील ओसवाल / मुंबई

धुलिया नगर निगम चुनाव के दौरान मतदान केंद्र में घुसकर ईवीएम मशीन तोड़े जाने की घटना सामने आई है। इस घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। शिंदे गुट ने इस तोड़-फोड़ के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराया है। हालांकि, भाजपा की ओर से इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
यह घटना प्रभाग क्रमांक १८ के मतदान केंद्र पर हुई, जहां ईवीएम मशीन को नुकसान पहुंचाए जाने के कारण मतदान प्रक्रिया कुछ समय के लिए रोकनी पड़ी। अधिकारियों के अनुसार, करीब आधे से पौन घंटे तक मतदान बाधित रहा। घटना के बाद पुलिस ने अतिरिक्त बंदोबस्त तैनात किया और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा के लिहाज से घेर लिया गया।
बताया जा रहा है कि मतदान से पहले ही धुलिया शहर में राजनीतिक माहौल तनावपूर्ण बना हुआ था। भाजपा और शिंदे गुट के कार्यकर्ताओं के बीच पिछले कुछ दिनों से आरोप-प्रत्यारोप और झड़पों की घटनाएं सामने आ रही थीं। ईवीएम तोड़-फोड़ की घटना ने इस तनाव को और बढ़ा दिया। पुलिस बंदोबस्त के बावजूद इस तरह की घटना गंभीर लापरवाही को दर्शाती है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
ईवीएम में तोड़-फोड़ के कारण प्रभावित मतदान केंद्र पर मतदान समय बढ़ाने की मांग भी की गई है। चुनाव अधिकारियों ने कहा है कि इस संबंध में चुनाव आयोग के निर्देश मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। धुलिया नगर निगम में कुल ७४ सीटों के लिए चुनाव हो रहा है। ईवीएम तोड़-फोड़ की इस घटना के बाद प्रशासन और चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल खड़े हो गए हैं। अब यह देखना होगा कि आयोग इस मामले में क्या निर्णय लेता है।

अन्य समाचार