-१५ मतदाताओं को दौड़ाकर काटा
-दो लोगों की हालत बेहद गंभीर
सामना संवाददाता / मुंबई
चुनाव आयोग ने मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा का बंदोबस्त होने का दावा किया था, लेकिन चुनाव आयोग द्वारा किए गए दावे उस समय खोखले साबित हुए जब एक पागल कुत्ते ने मतदान केंद्र में घुसकर मतदाताओं पर हमला कर दिया और १५ से अधिक लोगों को दौड़ा-दौड़ाकर काटा। यह घटना जालना जिले की है। जी हां, शहर में मतदान के दिन उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब वोट डालने निकले नागरिकों पर एक पागल कुत्ते ने जानलेवा हमला कर दिया। इस खौफनाक हमले में १० से १५ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज फिलहाल जिला अस्पताल में जारी है। घायलों में दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना ने प्रशासन की लापरवाही को उजागर कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब ३ बजे जालना शहर के सरस्वती भुवन, शनि मंदिर परिसर और काली मस्जिद इलाके में मतदान के लिए घर से निकले मतदाताओं और आम नागरिकों पर एक पागल कुत्ता अचानक टूट पड़ा। एक के बाद एक लोगों को काटते हुए कुत्ते ने पूरे इलाके में दहशत पैâला दी। इस हमले में कुत्ते ने किसी के पैर का मांस नोच लिया, तो किसी व्यक्ति के हाथ की उंगली तक काट खाई। चीख-पुकार और भगदड़ के बीच लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। कुत्ते द्वारा लोगों पर हमला किए जाने के बाद मतदान केंद्रों के आसपास कुछ देर के लिए भय और अव्यवस्था का माहौल बन गया।
प्रशासन पर उठे सवाल
मतदान जैसे संवेदनशील दिन पर शहर में आवारा और पागल कुत्तों का खुलेआम घूमना प्रशासन की घोर विफलता को दर्शाता है। नागरिकों में भारी आक्रोश है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है। मतदान लोकतंत्र का पर्व है, लेकिन जालना में यह पर्व खौफ और लापरवाही की भेंट चढ़ गया।
