राजेश सरकार / प्रयागराज
बाजार जाने के लिए गुरुवार की शाम को घर से निकले युवक का शव शुक्रवार सुबह धरवारा गांव की सड़क पर खून से सना हुआ मिला। युवक की हत्या का आरोप लगाते हुए गुस्साए ग्रामीणों ने चक्का जाम कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के परिवार और ग्रामीणों को समझाया तो थोड़ी देर बाद ही लोगों ने जाम खत्म कर दिया। इसके बाद पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, यमुनानगर जोन में करछना तहसील के भुंडा गांव निवासी 35 वर्षीय आशीष शर्मा गुरुवार शाम को बाइक से बाजार जाने के लिए घर से निकले थे। रात में वह नहीं लौटे। सुबह उनका शव धरवारा गांव के पास सड़क पर पाया गया। बाइक भी पास में ही गिरी थी। हत्या का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने करछना से कोहड़ार मार्ग पर जाम लगा दिया था।
