भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला आज इंदौर में खेला जाएगा। इससे पहले भारतीय टीम इंदौर पहुंचकर तैयारियों में जुट गई है। निर्णायक मैच से पहले टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और स्पिनर कुलदीप यादव उज्जैन के प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे और बाबा महाकाल के दर्शन किए। शनिवार १७ जनवरी को दोनों खिलाड़ी सुबह ४ बजे होने वाली भस्म आरती में शामिल हुए। करीब दो घंटे तक वे मंदिर परिसर में रहे और नंदी हॉल में बैठकर भक्ति में लीन नजर आए। इस दौरान उन्होंने शिव जाप भी किया और बाबा महाकाल से आशीर्वाद लिया। कोहली के पहुंचने पर मंदिर में विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई थी, लेकिन दोनों खिलाड़ियों ने पूरा समय दर्शन और पूजा में बिताया। मंदिर समिति की ओर से उन्हें प्रसाद और बाबा की तस्वीर भेंट की गई। इससे पहले टीम के कोच गौतम गंभीर और केएल राहुल भी महाकाल के दर्शन कर चुके हैं। अब विराट कोहली और टीम इंडिया को उम्मीद है कि महाकाल का आशीर्वाद उनके साथ रहेगा। खासतौर पर कोहली इस मैच में अपने होलकर स्टेडियम के कमजोर वनडे रिकॉर्ड को सुधारना चाहेंगे।
